भागलपुर : रविवार होने की वजह से डॉक्टर छुट्टी पर थे, तो इधर जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के स्त्री एवं प्रसव रोग विभाग में भर्ती 100 से ज्यादा मरीज बेहाल थी. कोई प्रसव पीड़ा से परेशान थी तो कोई अपने इलाज के लिए चिकित्सक को खोज रही थी.
इसके बाद भी रविवार सुबह सात से दस बजे तक कोई महिला डॉक्टर यहां नहीं आयीं. जब परिजनों ने हंगामा करना आरंभ किया तो दो महिला चिकित्सक सूचना पर अस्पताल भागी-भागी पहुंची.
विभाग में राउंड पर भी था आफत
रविवार को सुबह की ड्यूटी में एक सीनियर डॉक्टर और आधे दर्जन जूनियर रेजीडेंट व इंटर्न को लगाया गया था. लेकिन मरीजों को देखने करीब दस बजे तक कोई भी महिला डॉक्टर नहीं पहुंची.
यहां एक महिला भर्ती थी जिसका प्रसव कराना था. जब इसको प्रसव वेदना हुई, तो इनके परिजन डॉक्टर को खोजने लगे. डॉक्टर ने इस मरीज को आठ बजे का समय ऑपरेशन के लिए दिया था. परेशान मरीज के परिजन कभी इमरजेंसी तो कभी विभाग में डॉक्टर को खोजने में लगे.
अंत में जब इनके हाथ निराशा लगी, तो इन लोगों ने हंगामा करना आरंभ कर दिया. इसकी सूचना यहां कंट्रोल रूम में दिया गया. जिसके बाद डॉ यहां पहुंची. विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ कृष्णा सिन्हा ने कहा यह आश्चर्य की बात है कि तीन घंटे तक कोई डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं थी. जबकि यहां पूर्व में सभी की ड्यूटी तय कर दी गयी थी.
