भागलपुर: विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ का निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ बरारी थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. एसएसपी के निर्देश पर यह प्राथमिकी दर्ज की गयी है. उक्त पहुंच पथ में बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं.
जबकि पांच सालों तक इसके रख-रखाव की जिम्मेदारी निर्माण करनेवाले ठेकेदार की होती है. गड्ढे के कारण अक्सर ट्रकें खराब हो जाती है और जाम लग जाता है.
यही नहीं, दुर्घटनाएं भी होती है. फिलहाल अज्ञात ठेकेदार को आरोपी बनाया गया है. बाद में पुलिस अपने अनुसंधान में निर्माण करनेवाले ठेकेदार का नाम लायेगी. उल्लेखनीय है कि 2012 दिसंबर में साई इंजीकॉम नामक कंपनी ने 6.34 करोड़ की लागत से विक्रमशिला पहुंच पथ का निर्माण किया था. तब से लेकर अब तक रख-रखाव की भी जिम्मेदारी इसी कंपनी की ही थी. वर्तमान में इसी कंपनी को ही नये सिरे से उक्त सड़क बनाने की जिम्मेदारी मिली है. जिसकी लागत 15.75 करोड़ है.
