भागलपुर: दिवेश सिंह हत्याकांड में मेयर दीपक भुवानियां और पार्षद संजय सिन्हा अब तक गिरफ्तार नहीं हो पाये हैं. दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम पटना और दिल्ली में कैंप कर रही है, ऐसी चर्चा है. कोतवाली इंस्पेक्टर कन्हैया लाल और आदमपुर थानाध्यक्ष उमेश लाल रजक छुट्टी पर हैं.
लेकिन कहा जा रहा है कि छुट्टी की आड़ में दोनों अफसरों को मेयर-पार्षद की गिरफ्तारी के लिए बाहर भेजा गया है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मेयर-पार्षद की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है. दोनों के मोबाइल टावर लोकेशन के जरिये पुलिस उन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. बताया जाता है कि दोनों आरोपियों ने अपना-अपना मोबाइल अन्यत्र छोड़ दिया है. ताकि पुलिस भ्रमित हो जाये.
बॉडीगार्ड क्लोज होने से मेयर को खतरा : आइजी द्वारा जारी गिरफ्तारी आदेश के बाद मेयर का दोनों सरकारी अंगरक्षक क्लोज कर लिया गया है. इसके बाद मेयर बिना बॉडीगार्ड के ही हैं. इस कारण मेयर को जान का खतरा हो सकता है. बताया जाता है कि सरकारी बॉडीगार्ड के क्लोज होने के बाद मेयर ने प्राइवेट बॉडीगार्ड का सहारा लिया है. चर्चा यह भी है कि मेयर और पार्षद दिल्ली और पटना में दो अलग-अलग राजनेता के यहां शरण लिये हुए हैं.
