भागलपुर: नगर कांग्रेस कमेटी (मध्य क्षेत्र) ने शहर में व्याप्त पेयजल की किल्लत को लेकर गुड़हट्टा चौक पर धरना दिया. भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी अजीत शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस धरना में कार्यकर्ताओं ने पेयजल के अलावा शहर की अन्य समस्या जाम, अतिक्रमण, फ्लाइओवर आदि के संबंध में भी आवाज बुलंद की.
कांग्रेसियों ने इन समस्याओं के लिए प्रशासन के साथ-साथ विधायक को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि यदि जल्द समस्या समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाये गये तो भविष्य में और उग्र आंदोलन किया जायेगा. मौके पर श्री शर्मा ने कहा कि शहर के उत्तरी एवं दक्षिणी क्षेत्रों में पेयजल की समस्या के कारण सबसे अधिक परेशान गरीब व मजदूर वर्ग के लोग हैं.
इसके अलावा उन्होंने जाम की समस्या पर कहा कि आज यह शहर की सबसे बड़ी समस्या बन गयी है. जाम का मुख्य कारण सड़क की जजर्र स्थिति एवं सड़क के किनारे अतिक्रमण है. विक्रमशिला सेतु का एक्सपेंशन ज्वाइंट धंसने के कारण गाड़ी में झटका लगता है और ब्रेक डाउन होता है, जो पुल पर जाम का मुख्य कारण है.
यही नहीं नवगछिया जीरो माइल से विक्रमशिला सेतु तक की सड़क का भी पूरी तरह जजर्र होना जाम के मुख्य कारणों में एक है. उन्होंने जिला प्रशासन से उपरोक्त समस्याओं के समाधान की दिशा में अविलंब ठोस कदम उठाने की मांग की और कहा कि इन समस्याओं से निजात के लिए उनका आंदोलन जारी रहेगा. धरना का मंच संचालन सुजीत कुमार झा ने किया. धरना में पंकज सिंह, डॉ मृत्युंजय सिंह गंगा, प्रेम कुमार सिंह, डॉ महबूब साहब, सदर हुसैनाबाद, मो मिंटू कुरैशी, डॉ जय शंकर ठाकुर, मंजर आलम, मो. हैदर, मोजीब खान, अशफाक मेहंदी, योगेंद्र कुमार पोद्दार, महताब कुरैशी, संजय हरि, नसीम, रेहान, मामुन रसीद आदि शामिल थे.
