West Champaran News: पश्चिम चंपारण के योगापट्टी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग घायल हो गए. हादसे में दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेतिया GMCH रेफर कर दिया गया.
यह दुर्घटना मनुआपुल-नवलपुर मुख्य मार्ग पर पटेरवा चौक के पास तिरमोहानी में हुई.
तीनों घायलों की हुई पहचान
घायलों की पहचान चमारटोली गांव निवासी राजकुमार राम, बगहीं पुरैना निवासी नंदलाल कुमार और बैरिया थाना क्षेत्र के बगही निमिया टोला निवासी ओमप्रकाश चौधरी के रूप में हुई है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची.
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, राजकुमार राम और नंदलाल कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर किसी जरूरी काम से फतेहपुर की ओर जा रहे थे.
इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक, जिसे ओमप्रकाश चौधरी चला रहे थे, से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
दो की हालत गंभीर, GMCH किया गया रेफर
स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया.
उन्होंने बताया कि इनमें दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेतिया GMCH रेफर किया गया है.
पुलिस ने क्या कहा?
योगापट्टी के थानाध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह ने बताया कि उन्हें इस सड़क हादसे की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है.
फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई सूचना मिलने के बाद की जाएगी.
