स्वतंत्रता दिवस 2026: पश्चिम चंपारण में स्वतंत्रता दिवस को लेकर गुरुवार को विभिन्न प्रखंडों में देशभक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए. कहीं विद्यार्थियों और युवाओं ने स्वच्छता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया, तो कहीं जीविका दीदियों ने हाथों में तिरंगा लेकर हर घर तिरंगा अभियान का संदेश दिया. पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया.
चनपटिया में निकाली स्वच्छता रैली
चनपटिया के ऐतिहासिक वृंदावन आश्रम से माय भारत के तत्वावधान में स्वच्छता रैली निकाली गयी. इसमें प्रजापति हाई स्कूल, वृंदावन बालक स्कूल और वृंदावन बुनियादी कन्या स्कूल के 500 से अधिक विद्यार्थी और शिक्षक शामिल हुए. हाथों में जागरूकता संदेश लिए विद्यार्थियों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति सजग किया.
रैली के समापन के बाद आरोही कला संस्कृति वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से फलदार और छायादार पौधे लगाए गए. मौके पर जिला युवा अधिकारी शशांक मित्तल, ट्रस्ट सचिव प्रभात कुमार झा, सिनेमा कलाकार चुन्नू पांडे, शिक्षक संतोष आनंद और भारत झा मौजूद रहे.
योगापट्टी में तिरंगा यात्रा
योगापट्टी की फतेहपुर, बलुआ भवानीपुर, पिपरहिया, डुमरी, दोनवार और बरवा ओझा पंचायतों में जीविका दीदियों ने जागरूकता रैली निकाली. हाथों में तिरंगा लेकर निकली महिलाओं ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया.
इस दौरान बीडीओ शशिभूषण कुमार सिंह, नवीन कुमार ओझा, शबनम खातून, रामप्रवेश शाह, कमलेश कुमार, गिरिजा देवी और सविता देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे. नवलपुर, बलुआ भवानीपुर और चौमुखा की जीविका दीदियों ने भी तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया.
मझौलिया में खास कार्यक्रम
मझौलिया प्रखंड में वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रखंड परिसर से थाना परिसर तक तिरंगा यात्रा निकाली गयी. यात्रा में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, जीविका दीदियां, शिक्षक, कर्मी और छात्र-छात्राएं शामिल हुए.
कार्यक्रम में बीडीओ डॉ. राजीव रंजन, प्रमुख प्रतिनिधि मंटू कुशवाहा, सीओ डोली कुमारी, बीईओ मुजीबुर रहमान, भाजपा नेता कमल मुखिया, कनीय अभियंता सनोज कुमार, शिक्षक अनिल कुमार सिंह, रमेश पाठक और शीला सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
देशभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इन कार्यक्रमों में देशभक्ति के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया. विद्यार्थियों और जीविका दीदियों की भागीदारी से कार्यक्रमों में उत्साह नजर आया. पौधारोपण के जरिए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया.
यह भी पढे़ं: बेतिया में 81 शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की दोबारा होगी जांच, 17 अगस्त तक का अल्टीमेटम
