Ramnagar Tiger Movement: रामनगर के रिहायशी इलाकों के आसपास घूम रहे बाघ की मौजूदगी गुरुवार को पलिया गांव के समीप भी दर्ज की गई. वन विभाग की लगातार निगरानी के बावजूद बाघ अब तक जंगल की ओर वापस नहीं लौटा है. वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है.
वन विभाग की टीम बाघ की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है.
ट्रैकिंग के दौरान मिले बाघ के पगमार्क
गुरुवार सुबह ट्रैकिंग के दौरान रघिया वन क्षेत्र के वनकर्मियों को भावल पंचायत के पलिया सरेह में बाघ के पगमार्क मिले.
वन विभाग के रेंजर ने बताया कि पगमार्क के आधार पर बाघ की गतिविधि पलिया सरेह के आसपास होने की पुष्टि हुई है. इसके बाद उसके रामनगर के नजदीक पहुंचने की भी सूचना मिली.
गन्ने के खेत में घुसा, मजदूरों में मचा डर
बाघ की मौजूदगी की खबर फैलते ही सरेह में गन्ना छील रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई.
वहीं, बकरी चरा रहे चरवाहे भी सूचना मिलते ही अपने पशुओं के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर लौट गए. बताया गया कि बाघ गन्ने के खेत में घुस गया, जिसके कारण उसकी आगे की गतिविधि और दिशा का पता नहीं चल सका.
वन विभाग की टीम लगातार कर रही निगरानी
बाघ की लगातार बदलती लोकेशन को देखते हुए पलिया गांव समेत आसपास के क्षेत्रों के लोग सतर्क हैं.
वन विभाग की टीम अलर्ट मोड में लगातार ट्रैकिंग कर रही है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. साथ ही ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और जंगल या घने खेतों की ओर अकेले नहीं जाने की अपील की जा रही है.
