बेतिया. शहरी क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति की दिशा में एक अहम प्रगति सामने आई है. लंबे समय से स्टॉक प्वाइंट निर्माण के लिए जमीन की अनुपलब्धता इस महत्वाकांक्षी योजना में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई थी. हालांकि अब जिला प्रशासन और गेल के संयुक्त प्रयासों से इस समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है. अपर समाहर्ता राजीव रंजन प्रसाद के निर्देश पर अंचलाधिकारी, बेतिया द्वारा स्टॉक प्वाइंट के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर लिया गया है. चयनित स्थल से संबंधित प्रस्ताव अनुमंडल पदाधिकारी को सौंप दिया गया है. प्रशासनिक स्तर पर इसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि जमीन का अभाव ही अब तक योजना की रफ्तार को थामे हुए था. हालांकि अधिकारियों के अनुसार कुछ तकनीकी पहलुओं के कारण प्रक्रिया में थोड़ी देरी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता, लेकिन इसके बावजूद उम्मीद जताई जा रही है कि जमीन से जुड़ी बाधा अब लगभग समाप्त हो चुकी है. जैसे ही सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होंगी, स्टॉक प्वाइंट के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा. उल्लेखनीय है कि बेतिया शहर में पाइपलाइन के जरिए घर-घर गैस आपूर्ति की योजना पर पहले से काम चल रहा है. कई मोहल्लों में घरों तक पाइपलाइन कनेक्शन देने का कार्य जारी है. इसके साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में भूमिगत गैस पाइपलाइन बिछाने का काम भी शुरू हो चुका है. हालांकि फिलहाल इस कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं देखी जा रही है. स्टॉक प्वाइंट के निर्माण के बाद गैस आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और कार्य में तेजी आने की उम्मीद है. इससे न केवल बेतिया शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सस्ती गैस उपलब्ध होगी, बल्कि रसोई गैस पर निर्भरता और सिलेंडर की समस्याओं से भी राहत मिलेगी. कुल मिलाकर, जमीन चयन की प्रक्रिया पूरी होना बेतिया में पाइपलाइन गैस परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है. अब निगाहें तकनीकी स्वीकृति और निर्माण कार्य के शीघ्र शुभारंभ पर टिकी हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
