बेतिया: एसएसपी के औचक निरीक्षण में 14 पुलिस पदाधिकारी निलंबित, 26 अन्य पर भी कार्रवाई

पश्चिम चंपारण में एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि 26 अन्य पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है. रात्रि गश्ती और ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया. पढ़ें पूरी खबर…

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

Bettiah News: पश्चिम चंपारण में पुलिसकर्मियों की लापरवाही पर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. शौर्य सुमन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वहीं 26 अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है. इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

औचक जांच में सामने आई लापरवाही

जानकारी के अनुसार जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की कार्यकुशलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी लगातार समीक्षा कर रहे हैं. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक यातायात एवं पुलिस उपाधीक्षक रक्षित पुलिस केंद्र, बेतिया द्वारा कई थानों की आकस्मिक जांच कराई गई.

कई थानों में गश्ती और निगरानी व्यवस्था की जांच

जांच के दौरान बैरिया, नौतन, जगदीशपुर, बलथर, सिकटा, पुरुषोत्तमपुर और इनरवा थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्ती, निगरानी व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के कार्यों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण में कई थानों के गश्ती दल, ऑफिसर ऑफ द डे (ओडी) और अन्य पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह पाए गए. कई मामलों में निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में गंभीर शिथिलता सामने आई.

14 निलंबित, 26 पर विभागीय कार्रवाई

एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित 14 पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया. इसके अलावा 26 अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि कर्तव्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा जनता से जुड़े मामलों में उदासीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को पूर्ण निष्ठा, तत्परता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया.

अच्छे काम पर पुरस्कार, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई

एसएसपी ने कहा कि जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. भविष्य में भी कर्तव्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा.

एक साथ 14 पुलिस पदाधिकारियों के निलंबन को जिला पुलिस प्रशासन की जवाबदेही और कार्यसंस्कृति को मजबूत करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. इससे पुलिस महकमे को स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी में कोताही अब महंगी पड़ सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >