Valmikinagar News: वाल्मीकिनगर. वाल्मीकिनगर स्थित संगम तट पर सोमवार को स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब रही 28 वर्षीय महिला की जान एसएसबी जवानों ने तत्परता और साहस से बचा ली. 21वीं वाहिनी एसएसबी की डी-समवाय की आरआरटी टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला. रेस्क्यू के बाद महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एसएसबी जवानों की तत्परता की सराहना की.
स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गई महिला
जानकारी के अनुसार, सीमा चौकी कालेश्वर के समीप कालेश्वर मंदिर स्थित संगम घाट पर सहोदरा गांव निवासी विजय कुमार की पत्नी मोनिका कुमारी स्नान कर रही थीं. इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं.
महिला के चीखने की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद एसएसबी की आरआरटी टीम तत्काल सक्रिय हो गई. जवानों ने बिना समय गंवाए पानी में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
समय रहते रेस्क्यू कर बचाई महिला की जान
रेस्क्यू के बाद एसएसबी जवानों ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया और उनके परिजनों को घटना की सूचना दी. परिजनों के पहुंचने के बाद महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया.
बताया गया कि महिला की हालत सामान्य है और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं.
SSB जवानों की तत्परता की लोगों ने की सराहना
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एसएसबी जवानों की तत्परता और साहस की जमकर प्रशंसा की. लोगों ने कहा कि जवानों की समय पर कार्रवाई से महिला की जान बच सकी.
21वीं वाहिनी एसएसबी बगहा के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने आरआरटी टीम की तत्परता, साहस और सूझबूझ की सराहना की.
उन्होंने कहा कि एसएसबी सीमा सुरक्षा के साथ जरूरत पड़ने पर आम लोगों की मदद और मानव जीवन की रक्षा के लिए भी सदैव तत्पर रहती है.
यह भी पढ़ें: सस्ता नारियल पानी देने का झांसा, कारोबारी से साइबर अपराधियों ने ठगे 2.10 लाख रुपये
