कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार व नाट्य परिषद के लोग | Prabhat Khabar Network

तीज पर दरबार में गूंजे शिव भजन, मंच पर जीवंत हुईं सती अनुसूया की तपस्या और पतिव्रता धर्म की गाथा

योगापट्टी के दरबार में तीज पर सती अनुसूया आधारित धार्मिक नाट्य मंचन हुआ. लौरिया विधायक विनय बिहारी ने शुभारंभ किया. कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा.

पश्चिम चंपारण न्यूज: तीज के पावन अवसर पर योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र के दरबार में मंगलवार की शाम आस्था, भक्ति और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला. विद्यार्थी नाट्य कला एवं पर्यावरण विकास परिषद के बैनर तले सती अनुसूया के जीवन और उनके पतिव्रता धर्म पर आधारित भव्य धार्मिक नाट्य मंचन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे. जैसे-जैसे मंच पर कथा आगे बढ़ती गयी, दर्शक धार्मिक प्रसंगों में पूरी तरह डूबते चले गये.

विधायक विनय बिहारी ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ लौरिया विधायक विनय बिहारी ने फीता काटकर किया. इसके बाद भगवान शिव की भक्ति से ओत-प्रोत शिव भजन की प्रस्तुति हुई. भजन की धुन के बीच पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय वातावरण में बदल गया. श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया.

मंच पर जीवंत हुई सती अनुसूया की कथा

शिव भजन के बाद कलाकारों ने सती अनुसूया के जीवन पर आधारित धार्मिक नाटक का मंचन शुरू किया. नाटक में उनके पतिव्रता धर्म, त्याग, तपस्या, आस्था और आदर्श जीवन को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया. कलाकारों ने अपने अभिनय और संवाद अदायगी से धार्मिक प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया. मंच पर कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय के दौरान कई ऐसे दृश्य आये, जिन्होंने दर्शकों को भावुक कर दिया. सशक्त संवाद, अभिनय और मंचीय प्रस्तुति के बीच दर्शक देर रात तक अपनी जगह पर जमे रहे. नाटक के माध्यम से नारी शक्ति, भारतीय संस्कार, धर्म, आस्था और पारिवारिक मूल्यों का संदेश भी दिया गया.

कलाकारों के अभिनय की हुई सराहना

विद्यार्थी नाट्य कला एवं पर्यावरण विकास परिषद के अध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिये समाज की परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है. ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में विद्यार्थी नाट्य कला एवं पर्यावरण विकास परिषद के अध्यक्ष संजीव कुमार, सचिव सगीर शोला, डॉ. रंजीत जायसवाल, रामभरोस, गौतम, बलराम, अभय, डॉ. सुनील कुमार, संतोष माली, मौसम सिंह, अखिलेश बरनवाल, सुरेश सागर और राजेंद्र सोनी सहित अन्य कलाकार, आयोजन समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गणेश वर्मा

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >