बेतिया: रामनगर में कांवरियों से गुलजार हुआ सबुनी माई स्थान, आज 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

रामनगर का सबुनी माई स्थान श्रावण मास में कांवरियों की आस्था से गुलजार है. अंतिम रविवार को लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं. निःशुल्क भोजन, गर्म पानी और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध होगी.

Bettiah News: रामनगर. श्रावण मास में रामनगर का सबुनी माई स्थान मंदिर परिसर कांवरियों की आस्था और भक्ति से गुलजार है. वाल्मीकिनगर संगम तट से पवित्र जल लेकर नर्मदेश्वर महादेव राज शिव मंदिर पहुंचने वाले कांवरियों के जत्थों से रविवार और गुरुवार को पूरा क्षेत्र गेरुआ रंग में रंगा नजर आता है. हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है. श्रावण के अंतिम रविवार को करीब 50 हजार कांवरियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए चम्पारण कांवर संघ ने तैयारियां तेज कर दी हैं.

रविवार को सुबह से शुरू हो जाती है कांवरियों की आवाजाही

रविवार को सुबह से ही कांवरियों की आवाजाही शुरू हो जाती है. वहीं डाक बम रात में पहुंचते हैं, जिससे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जाती है. गेरुआ वस्त्र पहने कांवरियों की टोली भक्ति गीतों और बोल बम के उद्घोष के साथ सबुनी माई स्थान परिसर को भक्तिमय बनाए रखती है.

50 हजार कांवरियों के पहुंचने की संभावना

श्रावण के अंतिम रविवार को करीब 50 हजार कांवरियों के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए चम्पारण कांवर संघ के सदस्य पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं. कांवरियों की सुविधा और सेवा के लिए संघ की ओर से व्यापक तैयारियां की गयी हैं.

श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन, गर्म पानी, नींबू पानी और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गयी है. इसके अलावा पंडाल, जनरेटर और सुसज्जित रोशनी समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी इंतजाम पूरा कर लिया गया है.

रात्रि विश्राम के साथ जागरण कार्यक्रम की व्यवस्था

कांवरियों के रात्रि विश्राम और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर जागरण कार्यक्रम की भी व्यवस्था की गयी है. समाजसेवी श्रीकांत गुप्ता के सौजन्य से रविवार को जागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

संघ के महामंत्री अभय विक्रम शाह, उपाध्यक्ष रतन कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष हरिकिशुन गुप्ता, संयोजक मुकेश कुमार, मंत्री जितेंद्र साह, सन्नी सोनी, धर्मेन्द्र पांडेय, सोनू चौरसिया, शत्रुघ्न कुमार अमृत, आदित्य पांडेय, सुनील पासवान, गोविंद कुमार, पुजारी दिवाकर शर्मा, रामनारायण मिश्र और श्रीकांत गुप्ता समेत अन्य सदस्य तैयारियों में सक्रिय हैं.

सुरक्षित यात्रा और श्रद्धालुओं की सेवा पर जोर

संघ के उपाध्यक्ष रतन गुप्ता ने बताया कि कांवरियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेवा शिविर को और बेहतर बनाया जा रहा है. श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

उन्होंने बताया कि अंतिम रविवार को बड़ी संख्या में कांवरियों के पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में संघ के सदस्य सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार हैं.

यह भी पढ़ें: 7,194 एकड़ में 716.91 एकड़ जमीन गायब! बेतिया राज की जमीन खोजने में जुटा प्रशासन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >