Bagaha Voter List Revision: बगहा-1 प्रखंड कार्यालय सभागार में सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सूची में मौजूद त्रुटियों को तय समय सीमा के भीतर दूर करने के निर्देश दिए गए.
बैठक की अध्यक्षता करते हुए बीडीओ ने कहा कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होनी चाहिए. इसके लिए प्रत्येक बीएलओ अपने बूथ क्षेत्र का गहन सत्यापन सुनिश्चित करें.
दोहरे नाम और अपात्र मतदाताओं की होगी जांच
बैठक में बीएलओ को मतदाता सूची में दर्ज दोहरी प्रविष्टियों की पहचान कर नियमानुसार हटाने का निर्देश दिया गया.
इसके साथ ही मृत, स्थानांतरित और अन्य अपात्र मतदाताओं का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन हो सके.
प्रपत्र-6, 7 और 8 के आवेदनों का समय पर होगा निष्पादन
अधिकारियों ने प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 और प्रपत्र-8 से संबंधित सभी लंबित और नए आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा करने पर विशेष जोर दिया.
उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए.
घर-घर जाकर होगा सत्यापन
बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन, आवश्यक दस्तावेजों का मिलान और निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी सहित सभी बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहे.
