बगहा. राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नैशनल कैडेट्स कोर (एनसीसी) के कैडेट्स द्वारा एक भव्य रैली निकाली गई .25 बिहार बटालियन एनसीसी,मोतिहारी के समावेशी पदाधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सुरेन कुमार पांडेय के निर्देशानुसार ट्रूप नं.–245, डी.एम. एकेडमी के एनसीसी कैडेट्स ने शुक्रवार को यह रैली निकालकर राष्ट्रीय गीत के प्रति सम्मान एवं श्रद्धा व्यक्त की .कार्यक्रम के दौरान एसोसिएट एनसीसी पदाधिकारी देवीदत्त मालवीय ने बताया कि बटालियन से इस आयोजन को विशेष रूप से धूमधाम से करने का निर्देश प्राप्त हुआ था.इसी क्रम में कैडेट्स द्वारा पहले “वंदे मातरम” का सामूहिक गान किया गया, तत्पश्चात् नगर में रैली निकाली गई.रैली के दौरान “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा .कार्यक्रम के समापन पर श्री मालवीय ने “वंदे मातरम” की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कैडेट्स को संबोधित किया.उन्होंने बताया कि बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित यह गीत वर्ष 1876 में उनकी प्रसिद्ध कृति “आनंदमठ” में प्रकाशित हुआ था.भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यह गीत राष्ट्रवाद, एकता और ब्रिटिश शासन के विरुद्ध प्रतिरोध का प्रतीक बना.आजादी के बाद वर्ष 1950 में संविधान सभा ने “वंदे मातरम” को राष्ट्रीय गीत के रूप में अंगीकृत किया.पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक राकेश कुमार यादव, संगीत शिक्षक रूपेश कुमार पाठक, वाल्मीकि दूबे, मुनीर आलम, विंध्यवासिनी दूबे, दुर्जेन्द्र कुमार, विकास नारायण ओमी,जीव कुमार ठाकुर,रामनरेश प्रजापति, सोहराब अंसारी, मनोज कुमार राय, वर्षा कुमारी, एकता कुमारी, तमन्ना खातून सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
