West Champaran News: नरकटियागंज प्रखंड के चार्ज सेंटर में गुरुवार को पंचायत समिति की बैठक भारी गहमागहमी के बीच संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सुनैना देवी ने की. शिक्षा, चिकित्सा, आंगनबाड़ी, आवास योजना, मनरेगा, बिजली, सड़क निर्माण और यूरिया खाद की बिक्री समेत कई मुद्दों पर पंचायत प्रतिनिधियों ने अधिकारियों से जवाब मांगा. मनरेगा में कथित धांधली को लेकर सवाल-जवाब के दौरान कार्यक्रम पदाधिकारी जितेंद्र कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े.
Narkatiaganj News: मनरेगा पर सवालों के बीच पीओ हुए बेहोश
बैठक के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने मनरेगा में कथित अनियमितता को लेकर मनरेगा पीओ जितेंद्र कुमार से तीखे सवाल किए. उनके विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित करने की मांग को लेकर बैठक में हंगामा भी शुरू हो गया.
इसी दौरान सवालों का जवाब देते समय पीओ जितेंद्र कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े. इससे बैठक में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई. मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें संभाला और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
अस्पताल में चल रहा पीओ का इलाज
बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने बताया कि मनरेगा पीओ जितेंद्र कुमार पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे. बैठक के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. फिलहाल अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है.
आवास योजना और स्कूलों की जांच का मुद्दा उठा
विधायक प्रतिनिधि चंदन कुमार ने बैठक में आवास योजना में कथित गड़बड़ी, विद्यालयों में नियमित जांच तथा विकास राशि के मदवार खर्च का मुद्दा उठाया. उन्होंने बीईओ से विद्यालयों की जांच और कार्रवाई की जानकारी मांगी.
बीईओ डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि अब तक 42 विद्यालयों का निरीक्षण किया जा चुका है. जांच के दौरान संबंधित प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.
यूरिया 600 रुपये बोरा बेचने का आरोप
पंचायत समिति की बैठक में नरकटियागंज क्षेत्र में यूरिया खाद की कथित महंगी बिक्री का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा. पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि यूरिया खाद की एक बोरी 600 रुपये तक में बेची जा रही है. इसके साथ ही किसानों को जबरन कीटनाशी दवा दिए जाने का मुद्दा भी उठाया गया.
प्रतिनिधियों ने कृषि विभाग से खाद की बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और किसानों को निर्धारित दर पर यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की.
यूरिया बिक्री के समय मौजूद रहेंगे कृषि कर्मी
यूरिया खाद की महंगी बिक्री को लेकर हुए हंगामे के बीच बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने कहा कि जब भी यूरिया की बिक्री होगी, संबंधित पंचायतों के मुखिया और पंचायत समिति सदस्यों के साथ कृषि कर्मी मौजूद रहेंगे. कृषि कर्मियों की मौजूदगी में खाद की बिक्री सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसानों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार खाद मिल सके.
बिजली, सड़क और आंगनबाड़ी के मुद्दे भी उठे
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने बिजली आपूर्ति, सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था और चिकित्सा सेवाओं से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं. प्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के समाधान की मांग की.
कई अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में मुखिया अनुपधर दुबे, अभिजीत कुमार दुबे उर्फ सन्नी दुबे, राहुल जायसवाल, उप मुखिया गुलरेज अख्तर, मुखिया प्रतिनिधि राजेश सिंह सहित कई पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे. वहीं बीपीआरओ विवेक आर्य, बीईओ डॉ. संजय कुमार सिंह, सिंचाई विभाग के निरंजन कुमार, सीडीपीओ कुमारी श्वेता, बीएओ रोहित गौतम, बीसीओ राजेश यादव समेत कई पदाधिकारी और पंचायत समिति सदस्य बैठक में शामिल हुए.
यह भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस पर BSNL का खास ऑफर, 1 रुपये में 24 दिन की वैधता और 1GB डेटाता
