West Champaran News: बगहा. नेपाल में भारी बारिश और त्रिशूली नदी में अचानक जल प्रवाह बढ़ने की सूचना के बाद पश्चिम चंपारण में प्रशासनिक हलचल तेज हो गयी है. गंडक नदी में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है. डीएम तरनजोत सिंह, एसडीएम चांदनी कुमारी, एसपी राजेश कुमार, एसडीपीओ निहार भूषण समेत अधिकारी लगातार गंडक बराज और तटवर्ती इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं. संवेदनशील क्षेत्रों के ग्रामीण सामान लेकर ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे हैं.
गंडक बराज पर बढ़ी निगरानी
वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. बराज के गेट, बांध और जल प्रवाह की लगातार निगरानी की जा रही है.
डीएम तरनजोत सिंह ने नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ गंडक नदी के तटवर्ती और निचले इलाकों में एहतियाती कदम उठाने का निर्देश अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को दिया है.
बगहा और वाल्मीकिनगर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. राहत एवं बचाव दलों को भी संवेदनशील क्षेत्रों में तैयार रखा गया है.
4 लाख क्यूसेक से अधिक पानी की आशंका
गंडक बराज नियंत्रण कक्ष के कार्यपालक अभियंता मोहम्मद इकबाल अनवर ने बताया कि त्रिशूली नदी में भारी मात्रा में पानी आने की सूचना है. त्रिशूली नदी का गंडक नदी से जुड़ाव होने के कारण इसका असर गंडक के जलस्तर पर पड़ सकता है.
वर्तमान में करीब एक लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है. शाम तक इसके चार लाख क्यूसेक से अधिक पहुंचने की संभावना जतायी गयी है.
संभावित स्थिति को देखते हुए बुधवार की सरकारी छुट्टी रद्द कर संबंधित कर्मियों को ड्यूटी पर बुलाया गया है. कर्मियों को बराज के गेट और बांधों की निगरानी में तैनात किया गया है.
ग्रामीण सामान लेकर ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे
गंडक के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए तटवर्ती और निचले इलाकों के लोगों में चिंता बढ़ गयी है. कुछ ग्रामीण आवश्यक सामान लेकर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे हैं.
प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को नदी के समीप नहीं जाने और स्थिति को देखते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है.
वन विभाग भी हाई अलर्ट पर
तेज जल प्रवाह की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने भी गंडक बराज से चूलभट्टा जंगल क्षेत्र, 12 नंबर ठोकर और झंडू टोला तक निगरानी बढ़ा दी है.
नेपाल से बहकर वन्यजीवों के भारतीय क्षेत्र में आने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू टीमों को तैयार रखा गया है.
प्रशासन के निर्देश पर गंडक तटवर्ती गांवों में मुनादी और प्रचार-प्रसार कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है.
मधुबनी के दियारा क्षेत्रों में भी अलर्ट
मधुबनी प्रतिनिधि के अनुसार नेपाल में भारी बारिश के बाद गंडक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गयी है.
मधुबनी प्रखंड के चिऊरही, शीशही पंचायत समेत दियारा क्षेत्र के गांवों में प्रशासन ने ग्रामीणों को सावधान रहने की अपील की है.
अंचलाधिकारी नंदलाल राम एवं बीडीओ कुंदन कुमार ने ग्रामीणों से नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव को देखते हुए जोखिम नहीं उठाने की अपील की. ग्रामीणों को आवश्यक खाद्य सामग्री लेकर ऊंचे स्थानों और बांध पर शरण लेने की सलाह दी गयी है.
यह भी पढ़ें: नेपाल में तबाही के बाद बिहार में गंडक का अलर्ट, NDRF- SDRF तैयार; इन जिलों पर खास नजर
