Umrah Yatra: नरकटियागंज से शनिवार को 34 महिला-पुरुष जायरीनों का जत्था उमरा की पवित्र यात्रा के लिए मक्का और मदीना शरीफ रवाना हुआ. यात्रा पर निकलने से पहले स्थानीय लोगों, परिजनों और शुभचिंतकों ने जायरीनों का फूल-मालाओं से स्वागत किया. सभी ने उनके सुरक्षित और मुकम्मल उमरा की कामना करते हुए दुआओं के साथ विदाई दी.
स्टेशन पर रहा भावुक माहौल
नरकटियागंज रेलवे स्टेशन पर जायरीनों को विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. इस दौरान स्टेशन पर भावुक माहौल रहा. रवाना होने से पहले हाफिज ने विशेष दुआ करायी. परिजनों और शुभचिंतकों ने जायरीनों के सुरक्षित सफर और इबादत की कबूलियत की दुआ की.
जत्थे में महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं. मौलाना निजामुल हक, मौलाना अबुल खैर साहब, हाजी सगीर अहमद, हाजी विकल अहमद, हाजी तैयब और मौलाना नासिर अहमद समेत कई जायरीन यात्रा पर रवाना हुए.
दिल्ली से फ्लाइट से जाएंगे मक्का
ईमान ट्रेवल्स के डायरेक्टर मौलाना नुरूल होदा ने बताया कि जत्थे में कुल 34 जायरीन शामिल हैं. यात्रियों को न्यूनतम खर्च में उमरा यात्रा की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है.
सभी जायरीन नरकटियागंज रेलवे स्टेशन से ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए. दिल्ली पहुंचने के बाद सोमवार को फ्लाइट से मक्का शरीफ के लिए रवाना होंगे. इसके बाद मदीना शरीफ जाकर पवित्र स्थलों की जियारत करेंगे.
