नरकटियागंज चीनी मिल क्षेत्र में रिकॉर्ड खुटी गन्ना उत्पादन की उम्मीद, यूनिट हेड ने किया निरीक्षण

नरकटियागंज चीनी मिल क्षेत्र में इस वर्ष खुटी गन्ना उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की संभावना है. बेहतर फसल प्रबंधन और वैज्ञानिक खेती के सुझावों से किसानों को अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है.

Bettiah News: नरकटियागंज चीनी मिल क्षेत्र में इस वर्ष खुटी (रैटून) गन्ना उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है. चीनी मिल क्षेत्र के करीब 27 हजार एकड़ में लगी गन्ने की फसल की बेहतर स्थिति से मिल प्रबंधन उत्साहित है. मंगलवार को यूनिट हेड रविन्द्र कुमार तिवारी ने एचआर हेड के साथ वेस्ट-2 सर्किल के मुजौना गांव का भ्रमण कर गन्ना फसल का निरीक्षण किया और किसानों से कृषि कार्यों की जानकारी ली.

किसानों को दिए वैज्ञानिक खेती के सुझाव

निरीक्षण के दौरान यूनिट हेड ने किसानों से कहा कि बरसात के मौसम में गन्ने की फसल को गिरने से बचाने के लिए समय पर अर्थिंग अप (मिट्टी चढ़ाना) और प्रॉपिंग (गन्ने को सहारा देकर बांधना) जरूरी है. उन्होंने बताया कि इन दोनों तकनीकों से पौधों की जड़ें मजबूत होती हैं, फसल सुरक्षित रहती है और उत्पादन के साथ चीनी रिकवरी भी बेहतर होती है.

बेहतर फसल प्रबंधन की सराहना

यूनिट हेड ने किसान मनोज कुमार, राजदेव शाह, शंभु साह और सुरेश साह सहित कई किसानों के खेतों का निरीक्षण किया. उन्होंने सीओ-0118 प्रजाति की रैटून गन्ना फसल के रखरखाव, खरपतवार नियंत्रण, मिट्टी चढ़ाने और अन्य कृषि गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि मुजौना गांव की फसल अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है.

नियमित निगरानी और विशेषज्ञों से संपर्क की अपील

रविन्द्र कुमार तिवारी ने किसानों से खेतों की नियमित निगरानी करने तथा मिल के कृषि विशेषज्ञों के संपर्क में रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि यदि किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती करेंगे तो प्रति एकड़ उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और उन्हें आर्थिक लाभ भी अधिक मिलेगा.

अधिकारी और किसान रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एचआर हेड नवीन तिवारी, गन्ना उप प्रबंधक प्रेम सिंह, दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे. अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Satish kumar pand

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >