Bettiah News: लद्दाख में प्रवासी मजदूर की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

मैनाटाड़ के झझरी गांव निवासी 22 वर्षीय साजन कुमार की लद्दाख में मृत्यु हो गई. वे रोजगार के लिए तीन महीने पहले वहां गए थे और प्लंबर का कार्य करते थे. घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई. पढ़ें पूरी खबर…

मैनाटाड़ से रंजीत कुमार पटेल की रिपोर्ट

Bettiah News: बेतिया के इनरवा थाना क्षेत्र के झझरी गांव निवासी 22 वर्षीय साजन कुमार की लद्दाख में मृत्यु हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया. मृतक साजन कुमार जटा महतो के पुत्र थे. परिवार के अनुसार वे करीब तीन महीने पहले जीविकोपार्जन के लिए लद्दाख गए थे, जहां वे प्लंबर मिस्त्री के रूप में कार्य कर रहे थे.

कमरे में मृत मिले साजन कुमार

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार साजन कुमार अपने बड़े भाई राजन कुमार के साथ लद्दाख में रह रहे थे. शनिवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए थे. रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर उनके भाई और साथियों को चिंता हुई. कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कमरे का दरवाजा खोला गया.

अंदर साजन कुमार अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पाए गए. घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और लद्दाख में ही उनका पोस्टमार्टम कराया गया.

मार्च में होनी थी शादी

परिजनों ने बताया कि साजन कुमार की शादी अगले वर्ष मार्च में तय थी. विवाह की तिथि भी निर्धारित कर दी गई थी. उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. घटना की सूचना मिलते ही पिता जटा महतो, माता ध्रुवतारा देवी, बहन मनीषा देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे.

परिवार पर बढ़ी आर्थिक चिंता

ग्रामीणों के अनुसार साजन कुमार परिवार के कमाऊ सदस्यों में शामिल थे. उनकी मृत्यु के बाद परिवार के सामने आर्थिक कठिनाइयों की आशंका बढ़ गई है. ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.

लद्दाख में होगा अंतिम संस्कार

परिजनों ने बताया कि साजन कुमार का अंतिम संस्कार लद्दाख में ही किया जाएगा. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >