नरकटियागंज न्यूज: आधुनिक भारत के औद्योगिक एवं सामाजिक विकास में श्रद्धेय डॉ. के.के. बिड़ला का योगदान अतुलनीय रहा है. उन्होंने उद्योग जगत को नई दिशा देने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया.उनके आदर्श और दूरदर्शी सोच आज भी समाज और उद्योग जगत के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उक्त बातें मगध शुगर इनर्जी लिमिटेड और न्यू स्वदेशी शुगर मिल समूह के कार्यपालक अध्यक्ष रविन्द्र कुमार तिवारी ने डॉ. के.के. बिड़ला की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित महिला स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान कहीं.
डॉ बिड़ला के कार्यों को किया गया याद
कार्यपालक अध्यक्ष श्री तिवारी ने कहा कि डॉ. बिड़ला का जीवन केवल उद्योग के विस्तार तक सीमित नहीं था, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने की उनकी सोच रही. शिक्षा और स्वास्थ्य को उन्होंने सामाजिक विकास की मजबूत नींव माना. उनके बताए मूल्यों और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का हुआ आयोजन
पुण्यतिथि के अवसर पर परिसर में महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. इनायत फातिमा ने महिलाओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया.करीब 240 महिलाओं ने शिविर का लाभ उठाया.
मिल के तमाम पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर वित्त प्रमुख रत्नेश कुमार झा, केन हेड कुलदीप सिंह ढाका, एक आर हेड नवीन तिवारी, राज सिंह,समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. अधिकारियों ने भी डॉ. के.के. बिड़ला के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया.
डॉ बिड़ला के चित्र पर अर्पित किया गया श्रद्धासुमन
कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक अध्यक्ष आरके तिवारी ने डॉ. के.के. बिड़ला के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि समाज सेवा को उद्योग की जिम्मेदारी से जोड़ने की उनकी परंपरा को आगे बढ़ाना समूह की प्राथमिकताओं में शामिल है.
