Lauriya News: अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को अंचल अधिकारी आशु रंजन की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में भूमि एवं राजस्व संबंधी 15 मामलों की सुनवाई की गई. इनमें 10 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर फरियादियों को राहत दी गई, जबकि शेष मामलों में स्थल जांच कर शीघ्र प्रतिवेदन देने का निर्देश संबंधित राजस्व कर्मियों को दिया गया.
त्वरित और पारदर्शी न्याय पर जोर
सीओ आशु रंजन ने कहा कि जनता दरबार आम लोगों को त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष न्याय दिलाने का प्रभावी मंच है. उन्होंने फरियादियों से सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनता दरबार में आने और छोटे विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने की अपील की.
साक्ष्य और अभिलेखों के आधार पर होता है निर्णय
सीओ ने कहा कि प्रत्येक मामले का निष्पादन उपलब्ध साक्ष्यों, राजस्व अभिलेखों और कानूनी प्रावधानों के आधार पर किया जाता है. जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं हो सका, उनमें स्थल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं.
जनता दरबार में प्रधान सहायक ब्रजेश कुमार, विवेक कुमार पांडेय, अजित कुमार, आकाश कुमार, अरविन्द कुमार सहित अंचल कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे.
