नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक में आरोप-प्रत्यारोप से गरमाया माहौल

नगर परिषद की सामान्य बोर्ड की बैठक बुधवार को जमकर हंगामेदार रही.

बगहा. नगर परिषद की सामान्य बोर्ड की बैठक बुधवार को जमकर हंगामेदार रही. बैठक के दौरान विकास कार्यों, टेंडर प्रक्रिया और वार्डों के बीच कथित सौतेले व्यवहार को लेकर पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. कई पार्षदों ने खुले मंच से नगर परिषद प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. वार्ड नंबर 27 के पार्षद प्रतिनिधि मोबिन अंसारी, वार्ड 30 के पार्षद संजय यादव एवं वार्ड 1 के पार्षद मो. अब्बू लैस ने आरोप लगाया कि नगर में विकास कार्यों के टेंडर आवंटन में कुछ वार्डों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है. उनका कहना था कि जरूरतमंद वार्डों की अनदेखी कर चुनिंदा क्षेत्रों में ही विकास कार्य कराए जा रहे हैं. वहीं वार्ड 28 के पार्षद अजय नाथ ने पीसीसी सड़कों, आरसीसी नाली एवं अन्य विकास कार्यों में 22 से 26 प्रतिशत तक कमीशनखोरी का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भारी कमीशन की वजह से कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है. इस आरोप पर कई अन्य पार्षदों ने भी समर्थन जताया. सौंदर्यीकरण व विकास योजनाओं पर लगी मुहर हालांकि आरोप-प्रत्यारोप के बीच नगर के चौक-चौराहों की लाइटिंग, साफ-सफाई, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा विभिन्न विकास योजनाओं को बैठक में स्वीकृति भी दी गयी. बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद की सभापति पुष्पा गुप्ता व संचालन पूर्व उपसभापति सह पार्षद जितेंद्र राव ने किया. छह माह बाद हुई सामान्य बोर्ड की बैठक गौरतलब है कि इससे पूर्व सामान्य बोर्ड की बैठक 31 अगस्त 2025 को हुई थी. लगभग छह माह के अंतराल के बाद वर्ष 2026 में यह बैठक आयोजित की गयी. पिछली बैठक में स्वच्छता, स्ट्रीट लाइटिंग, सार्वजनिक सुविधाओं, पेयजल, आवास योजना, प्रमाण पत्रों में अवैध उगाही तथा नगर में इलेक्ट्रॉनिक शवदाह गृह निर्माण जैसे अहम मुद्दे उठाए गए थे. लेकिन उन प्रस्तावों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से पार्षदों ने इस बैठक में नाराजगी जताई. ईओ ने गुणवत्ता व राजस्व वृद्धि का दिया निर्देश इस दौरान ईओ सरोज कुमार बैठा ने बताया कि नगर के चौक-चौराहों पर लाइटिंग, साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालय एवं मूत्रालय निर्माण, पेयजल व्यवस्था तथा प्राचीन मंदिरों व सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण का निर्णय लिया गया है. साथ ही वार्ड मोहल्लों में प्राथमिकता के आधार पर पीसीसी सड़क और नालों का निर्माण कराया जा रहा है. उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य मानक के अनुरूप धरातल पर किए जाएंगे. राजस्व वृद्धि के मुद्दे पर ईओ ने पार्षदों से अपील किया कि वे वार्डों में लोगों को होल्डिंग टैक्स और मकान निर्माण के लिए नक्शा पास कराने को लेकर जागरूक करें. उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक बिना ब्याज के टैक्स भुगतान का लाभ नागरिक उठा सकते हैं. सभापति प्रतिनिधि ने सौतेले व्यवहार के आरोप किए खारिज सभापति प्रतिनिधि पप्पू गुप्ता ने वार्डों के साथ सौतेले व्यवहार के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि नगर परिषद द्वारा किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है. जिन वार्डों में कच्ची सड़क और नाले की आवश्यकता अधिक है वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है और शेष वार्डों में भी पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण किया जाएगा. राजस्व वसूली और गणतंत्र दिवस की तैयारी पर चर्चा बैठक का संचालन कर रहे पूर्व उपसभापति सह पार्षद जितेंद्र राव ने बताया कि बैठक में पिछली कार्रवाई की संपुष्टि. वही आगामी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी तथा नगर के राजस्व वृद्धि पर विस्तृत चर्चा हुई. उन्होंने पार्षदों से वार्डों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर लोगों को भुगतान के लिए जागरूक करने का सुझाव दिया. बैठक में बतौर अतिथि विधान परिषद सदस्य भीष्म साहनी, सांसद प्रतिनिधि दयाशंकर सिंह, उपसभापति रश्मि रंजन, उपसभापति प्रतिनिधि रविशंकर प्रसाद, स्वच्छता पदाधिकारी अब्दुल बाकी, नगर पर्यवेक्षक चंदन कुमार, नगर प्रबंधक चंदन मद्धेशिया, जेई प्रदीप कुमार, प्रधान लिपिक राकेश रोशन, वार्ड पार्षद व प्रतिनिधियों में सतीश वर्मा, राहुल सिंह, मो. गयासुद्दीन, राजू सिंह समेत नप के कर्मी उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >