नेपाल में तबाही के बाद बिहार में गंडक का अलर्ट, NDRF- SDRF तैयार; इन जिलों पर खास नजर

नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद गंडक नदी में करीब तीन मीटर तक ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की आशंका जतायी गयी है. बिहार सरकार ने छह जिलों में विशेष सतर्कता बढ़ा दी है और NDRF- SDRF की तैनाती की तैयारी शुरू कर दी है.

गंडक बाढ़ अलर्ट: नेपाल में गंडक नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड (अचानक आई बाढ़) की स्थिति बनने के बाद बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है. गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने और करीब तीन मीटर तक ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की आशंका जतायी गयी है. इसे देखते हुए राज्य सरकार ने पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. 

बगहा एसपी ने सभी थानों को किया अलर्ट

बगहा एसपी की तरफ से जारी नोटिस, फोटो- सोशल मीडिया

पुलिस अधीक्षक, बगहा (पश्चिम चंपारण) की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि नेपाल की त्रिशूली नदी में भूस्खलन के कारण जलस्तर बढ़ गया है, जिससे गंडक नदी में अगले दो घंटे के भीतर बाढ़ आने की प्रबल संभावना जताई गई है. इसे देखते हुए बगहा जिले के सभी थाना अध्यक्षों, पुलिस निरीक्षकों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से आम लोगों को जान-माल की सुरक्षा के लिए सतर्क करने और संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के डीएम और वरीय पुलिस अधिकारी जुड़े. बैठक में संभावित स्थिति की समीक्षा कर जिलों को बचाव और राहत की तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया गया.

गंडक से जुड़े जिलों में अलर्ट

प्रशासन को नदी के जलस्तर, तटबंधों, निचले इलाकों, पुल-पुलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है. सीतामढ़ी, शिवहर समेत अन्य संवेदनशील जिलों में भी स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है. गंडक के कई हिस्सों में जलस्तर पहले से चिंता बढ़ा रहा है. हाजीपुर क्षेत्र में भी गंडक का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है.

गंडक बैराज और नहरों पर भी नजर

जल संसाधन विभाग को गंडक बैराज के गेट और संबंधित नहरों के संचालन के जरिये जलप्रवाह के सुरक्षित प्रबंधन का निर्देश दिया गया है. अभियंताओं और जल संसाधन अधिकारियों को तटबंधों समेत सभी महत्वपूर्ण संरचनाओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया है.

NDRF- SDRF की अग्रिम तैनाती

संभावित आपदा से निपटने के लिए अतिरिक्त NDRF और SDRF संसाधनों की मूवमेंट शुरू कर दी गयी है. गोपालगंज के लिए एक NDRF टीम भेजने और मुजफ्फरपुर में एक टीम को स्टैंडबाय रखने का निर्देश दिया गया है. बेतिया में भी करीब दो घंटे के भीतर NDRF टीम की तैनाती सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है. SSB की ओर से जरूरत पड़ने पर QRT और अन्य सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गयी है.

नाव, शेल्टर और सामुदायिक रसोई तैयार रखने का निर्देश

संभावित प्रभावित आबादी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए जिलों को Evacuation Plan तैयार रखने को कहा गया है. पर्याप्त नाव, शेल्टर और सामुदायिक रसोई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गये हैं. प्रशासन का जोर समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने पर है.

नेपाल में फ्लैश फ्लड से स्थिति गंभीर

नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को भारी फ्लैश फ्लड से बस्तियों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबर है. वहां नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गयी है. भोटेकोशी नदी आगे चलकर त्रिशूली नदी में मिलती है, जो भारत में गंडक के रूप में प्रवेश करती है. 

सरकार की अपील- घबराएं नहीं, सतर्क रहें

राज्य सरकार ने लोगों से पैनिक नहीं करने की अपील की है. साथ ही प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने को कहा गया है. सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रखते हुए नियमित निगरानी और मीडिया ब्रीफिंग के निर्देश दिए गये हैं.

यह भी पढे़ं:

फेसबुक पर हुआ प्यार, प्रेमिका से मिलने MP से बिहार पहुंचा प्रेमी, जहर खाकर दी जान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Israel ansari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >