Bettiah News: नरकटियागंज. अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) की राज्य कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को नरकटियागंज में हुई. बैठक की अध्यक्षता संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उपेंद्र पासवान ने की, जबकि संचालन राज्य सचिव शत्रुघ्न सहनी ने किया. बैठक में शिक्षा, रोजगार, जमीन, महंगाई और ग्रामीण मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. संगठन ने 20 लाख ग्रामीण गरीबों को सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया.
Narkatiaganj News: शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर अभियान तेज करने का फैसला
बैठक के बाद माले पोलित ब्यूरो सदस्य सह खेग्रामस के राष्ट्रीय महासचिव धीरेंद्र झा ने कहा कि छात्र-नौजवानों, खासकर जेन जी और जेन अल्फा का शिक्षा, परीक्षा और रोजगार को लेकर आंदोलन नई दिशा दे रहा है.
उन्होंने कहा कि खेग्रामस ‘सुधारो शिक्षा-स्कूल ठीक करो’ अभियान में मजबूती से भाग लेगा. साथ ही बुलडोजर राज के खिलाफ दलित और गरीबों के आंदोलन को तेज करने की बात कही.
‘सबों को जमीन, सबों को पक्का घर’ अभियान होगा तेज
धीरेंद्र झा ने कहा कि संगठन के अनशन और सत्याग्रह के बाद राज्य में करीब 30 हजार गरीबों को बासगीत पर्चा मिला है. अब ‘सबों को जमीन, सबों को पक्का घर’ अभियान को और तेज किया जाएगा.
राज्य अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने बढ़ती महंगाई पर चिंता जताते हुए गरीबों को नमक, तेल, प्याज, दाल और चीनी रियायती दर पर उपलब्ध कराने की मांग की.
ग्रामीण रोजगार और उचित मजदूरी पर जोर
राज्य सचिव शत्रुघ्न सहनी ने ग्रामीण रोजगार, उचित मजदूरी और समय पर भुगतान को लेकर अभियान तेज करने की बात कही. गोपाल रविदास ने दलित-वंचितों पर हमलों के खिलाफ संघर्ष तेज करने की बात रखी.
पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद ने मजदूर-किसानों के आंदोलन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया.
20 लाख ग्रामीण गरीबों को सदस्य बनाने का लक्ष्य
बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर भी रणनीति तय की गयी. खेग्रामस ने राज्य में 20 लाख ग्रामीण गरीबों को संगठन से जोड़कर सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया.
बैठक में पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद, पूर्व विधायक सत्यदेव राम, गोपाल रविदास, वीरेंद्र गुप्ता समेत राज्यभर से आए प्रतिनिधि मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: भोलेनाथ के दर्शन को जा रहे थे श्रद्धालु, जंगल के रास्ते में अचानक सामने आ गए दो भालू
