West Champaran News: पर्यावरण संरक्षण और पक्षी संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए पश्चिम चंपारण के मैनाटाड़ प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय में 10-10 नारियल के घोंसले तैयार किए गए और उनकी फोटो एवं वीडियो मिशन फॉर लाइफ पोर्टल पर अपलोड की गई.
इस अभियान में प्रखंड के प्रारंभिक, मध्य, उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों ने उत्साह के साथ भाग लिया.
शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर तैयार किए घोंसले
अभियान के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने मिलकर नारियल के घोंसले तैयार किए. इसके बाद इन्हें पक्षियों के अनुकूल स्थानों पर लगाया गया, ताकि पक्षियों को सुरक्षित आश्रय मिल सके.
उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इनरवा, मध्य विद्यालय इनरवा और राज्य संपोषित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैनाटाड़ सहित सभी सरकारी विद्यालय इस पहल का हिस्सा बने.
विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति बढ़ी जागरूकता
उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इनरवा के प्रधानाध्यापक अशोक राम और मध्य विद्यालय इनरवा की प्रधानाध्यापिका प्रियंका कुमारी ने बताया कि यह अभियान जिला शिक्षा विभाग के निर्देश पर चलाया गया.
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है, ताकि वे प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी को समझ सकें.
तय समय पर पोर्टल पर अपलोड की गई रिपोर्ट
विद्यालयों ने जिला शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियान पूरा किया.
सभी विद्यालयों ने गतिविधि से जुड़ी फोटो और वीडियो मिशन फॉर लाइफ पोर्टल पर अपलोड कर दीं. इस दौरान छात्र-छात्राओं में अभियान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.
मौके पर संदीप कुमार, अतिरसुल अंसारी, फरहाद हुसैन, राहुल रंजन, मुन्ना कुमार और फैजुल रहमान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
