लेफ्टिनेंट कर्नल के पैतृक घर में 60 लाख से अधिक की चोरी, 10 लाख नकद और जेवरात ले उड़े चोर

पश्चिम चंपारण के मझौलिया में सेना अधिकारी के पैतृक घर से करीब 60 लाख रुपये की नकदी और जेवर चोरी हो गए. चोरों ने खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी से कीमती सामान उड़ा ले गए.

Bettiah News: पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के महोदीपुर भट्ट टोला स्थित वार्ड संख्या-15 में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने विशाखापट्टनम में पदस्थापित एक लेफ्टिनेंट कर्नल के पैतृक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर प्रथम तल की खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में दाखिल हुए और गोदरेज अलमारी का लॉक तोड़कर करीब 10 लाख रुपये नकद, लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, रेशमी कपड़े तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

Majhaulia News: खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में घुसे चोर

परिजनों के अनुसार घटना के समय घर में किसान कृष्ण कुमार सिंह, उनकी पत्नी आशा सिंह तथा लेफ्टिनेंट कर्नल के नाना अमरनाथ सिंह मौजूद थे. सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर सदर एसडीपीओ अजीत कुमार, थानाध्यक्ष अमर कुमार, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए.

मुंडन संस्कार के लिए लॉकर से निकाले गए थे जेवर

विशाखापट्टनम में पदस्थापित लेफ्टिनेंट कर्नल पवन कुमार ने बताया कि 17 जून को भांजे के मुंडन संस्कार के लिए बैंक लॉकर से जेवर निकाले गए थे, जिन्हें जल्द वापस जमा करना था. वहीं इसी सप्ताह जमीन की रजिस्ट्री होनी थी, जिसके लिए 10 लाख रुपये नकद घर में रखे गए थे. अपराधियों ने सीधे उसी कमरे और अलमारी को निशाना बनाया, जहां नकदी और जेवर सुरक्षित रखे गए थे.

पुलिस गश्ती व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना स्थल मझौलिया थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर है. इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी होने से पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. लोगों ने बताया कि दो दिन पहले भी क्षेत्र में दो घरों में लाखों रुपये की चोरी हुई थी, लेकिन अब तक उसका खुलासा नहीं हो सका है.

विशेष टीम गठित, जल्द खुलासे का दावा

सदर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है. थानाध्यक्ष को हर पहलू से जांच करने का निर्देश दिया गया है. पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Madhukar mishra

मधुकर मिश्र ने 1986 में आकाश मार्ग हिंदी दैनिक देवरिया उत्तर प्रदेश से पत्रकारिता की शुरुआत की थी. इसके बाद में दिल्ली और पटना से एक साथ प्रकाशित संध्या प्रहरी, आज, नवभारत टाइम्स में कार्य किए. इस क्रम में पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ रह चुके हैं. वर्तमान में बेतिया प्रभात खबर हिंदी दैनिक सह मल्टीमीडिया कार्यालय से जुड़कर कार्य कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >