Bettiah Waterlogging: बेतिया के नौतन प्रखंड की पूर्वी नौतन पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित बैधनाथ नगर में हल्की बारिश भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है. सड़क पर जलजमाव होने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है. बाइक सवारों से लेकर पैदल चलने वाले लोगों तक को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
सड़क नीची होने से बारिश का पानी बन रहा मुसीबत
स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत की ओर से सड़क किनारे नाला तो बनाया गया है, लेकिन सड़क का उच्चीकरण नहीं कराया गया. इसकी वजह से बस्ती का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है. हल्की बारिश के बाद भी सड़क तालाब जैसी नजर आने लगती है. इससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है और लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी होती है.
यह भी पढ़ें: प्रेमी ने शादी से किया इनकार तो रेलवे ट्रैक पर पहुंची प्रेमिका, फिल्मी अंदाज में पुलिस ने बचाया
जनप्रतिनिधियों का भी इसी रास्ते से होता है आवागमन
ग्रामीणों का कहना है कि इसी सड़क से क्षेत्र के विधायक, बीडीओ समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि प्रतिदिन गुजरते हैं. इसके बावजूद जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. लोगों का कहना है कि यदि सड़क का ऊंचीकरण कर दिया जाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था हो जाए तो समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है.
पानी निकासी को लेकर भी बना हुआ है विवाद
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क पर जमा पानी को बाहर निकालने में भी परेशानी आ रही है. आरोप है कि बस्ती के कुछ लोग पानी की निकासी नहीं होने दे रहे हैं, जिससे पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है. पंचायत स्तर पर लोगों से पानी निकालने का अनुरोध भी किया गया, लेकिन स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया.
मुखिया ने क्या कहा?
इस मामले में पंचायत की मुखिया कौशल्या देवी ने कहा कि पंचायत निधि से जो नाला बनाया गया है, वह बस्ती के पानी की निकासी के लिए है. सड़क पर जमा पानी का नाले से कोई सीधा संबंध नहीं है. उन्होंने बताया कि पंचायत में उपलब्ध राशि के अनुसार नाला निर्माण कराया गया है. शेष नाला निर्माण का कार्य अतिरिक्त राशि मिलने के बाद कराया जाएगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे संसाधन उपलब्ध होने पर समस्या के समाधान की दिशा में और काम किया जाएगा.
लगातार बनी इस समस्या से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है. लोगों की मांग है कि सड़क का जल्द उच्चीकरण कराया जाए और जल निकासी की ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे हर बारिश के बाद सड़क पर जलजमाव की समस्या से हमेशा के लिए राहत मिल सके.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में सुबह-सुबह हत्या, मंदिर जा रहे किराना व्यवसायी को गोलियों से भूना
