Bettiah News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. इसी कड़ी में बेतिया के सिकटा थाना क्षेत्र में बलथर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नेपाली शराब जब्त की है और एक तस्कर को दबोचा है.
नाकेबंदी कर पुलिस ने तस्कर को दबोचा
पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी कि सीमा पार से शराब की एक बड़ी खेप भारतीय क्षेत्र में लाने की तैयारी है. सूचना मिलते ही बलथर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सैनिक रोड के सड़कीया टोला के पास नाकेबंदी कर दी. इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 714 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद हुई.
आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
गिरफ्तार तस्कर की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के डुमरा निवासी शिवकुमार यादव के रूप में की गई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी नेपाली शराब को भारतीय बाजारों में खपाने की योजना बना रहा था. पुलिस ने शराब और तस्करी में प्रयुक्त अन्य सामानों को जब्त कर लिया है. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
इलाके के शराब माफियाओं में हड़कंप
पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों के शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सीमा पर चौकसी और बढ़ा दी गई है.
सिकटा से अमर कुमार की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: Bettiah: बारिश से गन्ना फसल लहलहाई, इस साल रिकॉर्ड उत्पादन की उम्मीद
