Bettiah crime news: बेतिया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां मझौलिया थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध की एक बड़ी योजना को विफल कर दिया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर सात युवकों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ रंगे हाथों दबोचा है. इस मामले में मझौलिया पुलिस ने थाना कांड संख्या 565/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है .
गुप्त सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी स्पेशल टीम
मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि बुधवार को पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के अनुसार मझौलिया थाना क्षेत्र के बेखबरा बिन टोली में कुछ युवक हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे थे. सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से सातों युवकों को दबोच लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की सूची और उम्र
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान नितेश कुमार (19 वर्ष), बिरजन कुमार (22 वर्ष), मिंटू कुमार (19 वर्ष), रंजीत कुमार (25 वर्ष), श्री मुखिया (24 वर्ष), ललबाबू कुमार (19 वर्ष) और दिनेश कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है.
देशी कट्टा, कारतूस और चाकू बरामद
विशेष छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से घातक हथियार बरामद किए हैं. तलाशी के दौरान इनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक ड्राइगर चाकू और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.
अपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी पुलिस
सदर एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपितों से सघन पूछताछ की जा रही है . पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किस बड़ी घटना को अंजाम देने वाले थे और उनके तार कहां से जुड़े हैं . इसके साथ ही सभी के पुराने आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है . इस सफल ऑपरेशन में मझौलियाथानाध्यक्ष के साथ दरोगा अनुज कुमार ओझा, रमेश कुमार सिंह, अन्य पुलिस पदाधिकारी और थाना रिजर्व बल के जवान शामिल रहे.
मझौलिया से संजय पांडे की रिपोर्ट
