बेतिया में पेड़ से लटका मिला लड़का-लड़की का शव, परिजन बोले- सेहरी से पहले दोनों हुए थे गायब

Bihar News: पश्चिम चंपारण के बेतिया में शनिवार सुबह एक बगीचे में किशोर और किशोरी के शव पेड़ से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले के हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई है.

Bihar News: पश्चिम चंपारण के बेतिया जिले में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. एक बगीचे में एक लड़का और लड़की के शव पेड़ से लटके मिले. घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सिकटा थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

सिरसिया गांव की घटना

यह घटना सिकटा थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव की बताई जा रही है. मृतकों की पहचान शेख बुनाद के 15 वर्षीय बेटे सैदुल्लाह आलम और इजहार अंसारी की 14 वर्षीय बेटी सहबुन नेशा के रूप में हुई है. दोनों के शव गांव के पास एक बगीचे में पेड़ से लटके मिले. इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा छा गया.

सेहरी से पहले घर से गायब हुए दोनों

परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात दोनों अपने-अपने घरों में खाना खाकर सोए थे. देर रात तक सब कुछ सामान्य था. शनिवार सुबह जब परिवार के लोग सेहरी के लिए उठे, तो दोनों अपने-अपने घरों में नहीं मिले. परिजनों ने आसपास काफी तलाश की. रिश्तेदारों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की गई. लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.

इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने बगीचे में पेड़ से लटके दो शव देखे. इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने तुरंत दोनों परिवारों को सूचना दी.

गांव में तरह-तरह की चर्चा

घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में भी शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है. गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं. कुछ ग्रामीण इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं. उनका कहना है कि करीब दो साल से दोनों के बीच बातचीत और नजदीकी थी. बताया जा रहा है कि दोनों के घरों के बीच करीब 500 मीटर की दूरी है.

पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच

मामले को लेकर एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि बगीचे से युवक और युवती के शव बरामद किए गए हैं. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह है.

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. तब तक जांच जारी रहेगी.

Also Read: अब इस नए पते पर मिलेंगे नीतीश कुमार, जानें VVIP सुरक्षा और सुविधाओं की पूरी जानकारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >