Bagaha: सद्भाव यात्रा से चंपारण फतह करेंगे निशांत कुमार, कल पहुंचेंगे वाल्मीकिनगर

Bagaha News: नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार कल यानी 3 मई से वाल्मीकिनगर से ‘सद्भाव यात्रा’ के जरिए राजनीति में कदम रखेंगे. बगहा और चंपारण में जेडीयू कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत की तैयारी की है. जानिए क्या है पूरा अपडेट…

Bagaha News: बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है. सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार 3 मई से चंपारण की ऐतिहासिक धरती वाल्मीकिनगर से अपनी ‘सद्भाव यात्रा’ शुरू करेंगे. राजनीतिक गलियारों में इसे निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में आधिकारिक एंट्री के रूप में देखा जा रहा है. इस यात्रा को लेकर बगहा और वाल्मीकिनगर के जेडीयू कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है.

बगहा और वाल्मीकिनगर में तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

निशांत कुमार की यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए जेडीयू ने पूरी ताकत झोंक दी है. वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार के नेतृत्व में प्रखंडवार कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं. वहीं, जेडीयू जिलाध्यक्ष प्रभात रंजन सिंह की मौजूदगी में बगहा में हुई विशेष बैठक में भव्य स्वागत की रणनीति तैयार की गई है. वाल्मीकिनगर में पूर्व विधायक रिंकू सिंह ने तैयारियों की कमान संभाल रखी है, ताकि यात्रा के दौरान जनसैलाब उमड़ सके.

जेडीयू और बिहार का भविष्य हैं निशांत: सांसद सुनील कुमार

सांसद सुनील कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर सभी वर्गों का विश्वास जीता है. उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से निशांत कुमार को नेतृत्व संभालने के लिए आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है. कार्यकर्ताओं का मानना है कि निशांत कुमार में ही जेडीयू और बिहार का उज्ज्वल भविष्य समाहित है.

भितिहरवा से जुड़ेगा यात्रा का कारवां

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 3 मई को निशांत कुमार चंपारण दौरे पर रहेंगे. उनकी यात्रा की शुरुआत बगहा से होगी, जबकि रात्रि प्रवास वाल्मीकिनगर में रहेगा. इस दौरान वे ऐतिहासिक गांधी आश्रम भितिहरवा का भी दौरा करेंगे. उनके साथ सांसद, विधायक और एमएलसी भीष्म सहनी समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे.

बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट

यह भी पढे़ं: Bagaha: वाल्मीकिनगर पावर प्लांट में खराबी, बगहा के कई इलाकों में बिजली ठप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >