रामनगर. नगर के नारायणापुर में एक महिला को एक झोलाछाप से सर्जरी कराना महंगा पड़ गया. इस वजह से बच्चे के जन्म के तुरंत बाद उसकी मां की मौत हो गयी. यह घटना एक निजी अस्पताल में हुई. लोगों ने बताया कि बीरू महतो ने सर्जरी की थी. घटना के बाद अस्पताल पर छपे बैनर पोस्टर को तुरंत हटा लिया गया. मृतका की पहचान भैरोगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी कृष्ण नंदन सिंह की पत्नी सुनीता कुमारी सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से आशा कार्यकर्ता थी. परिजनों ने बताया कि प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें नारायणापुर के उक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया था. आरोप है कि कथित चिकित्सक ने डिलीवरी के लिए किसी अन्य व्यक्ति को बुलाकर ऑपरेशन करवाया. सर्जरी के लगभग चार घंटे बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी और उनकी मौत हो गयी. इस बाबत पूछे जाने पर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया कि मामले की जांच होगी. दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
