Begusarai News : बखरी थाना क्षेत्र के नगर परिषद अंतर्गत वार्ड संख्या-23 स्थित मोरकाही टोला निवासी 38 वर्षीय श्याम राय की शुक्रवार को 11 हजार वोल्ट विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान कैलाश राय के पुत्र श्याम राय के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
करंट लगते ही मौके पर गिर पड़े, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्याम राय किसी निजी कार्य से कर्पूरी चौक स्थित मछली हट्टा के पास गए थे. इसी दौरान उनका संपर्क 11 हजार वोल्ट के विद्युत प्रवाहित तार से हो गया. तेज करंट लगते ही वे मौके पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल बखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बखरी थाना के सब इंस्पेक्टर कैलाश यादव एवं पीटीसी संजीव भारती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
मुआवजे और विद्युत व्यवस्था सुधारने की उठी मांग
घटना के बाद अधिवक्ता गौरव कुमार, पार्षद चंदन चौरसिया, नीरज केशरी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने मृतक के आश्रितों को सरकारी प्रावधान के तहत शीघ्र मुआवजा एवं हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. वहीं स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से जर्जर एवं खुले बिजली के तारों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
