Begusarai News : खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर पूर्वी गांव में रविवार रात आयोजित एक शादी समारोह के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. सरातियों और बारातियों के बीच हुई मारपीट में दूल्हे का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया.
दूल्हे के भाई के साथ मारपीट, सदर अस्पताल रेफर
घायल युवक की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के बढ़कुरबा गांव निवासी अर्जुन महतो के 23 वर्षीय पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है. गंभीर चोट लगने के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया.
कहासुनी के बाद शुरू हुई मारपीट
जानकारी के अनुसार, बरियारपुर पूर्वी पंचायत की पूर्व मुखिया शांति कुमारी एवं रंजीत कुमार की छोटी पुत्री अन्नू कुमारी का विवाह समारोह रविवार रात आयोजित था. बारात विक्रमपुर पंचायत के बढ़कुरबा गांव से आई थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर दूल्हे विजय कुमार के भाई संजय कुमार और कुछ सरातियों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. आरोप है कि दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों और उनके साथियों ने संजय कुमार के साथ मारपीट की.
बारात में शामिल वाहन के शीशे भी तोड़े गए
मारपीट के दौरान बारात में शामिल एक वाहन के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए. घटना के बाद शादी समारोह का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया. विवाद से नाराज बारात पक्ष के लोग बिना भोजन किए ही वापस अपने गांव लौट गए. बताया जा रहा है कि घायल संजय कुमार सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का जवान है.
हर्ष फायरिंग की भी चर्चा, वीडियो वायरल
घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा रही कि बारात के दरवाजा लगने के दौरान कई राउंड हर्ष फायरिंग की गई. हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली. खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना किसी भी पक्ष द्वारा थाने को नहीं दी गई थी. मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी घटना
शादी जैसे मांगलिक आयोजन में हुई इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच-पड़ताल में जुटी हुई है.
Also Read : झारखंड के दंपती ने औरंगाबाद में बालिका को लिया गोद, डीएम की मौजूदगी में पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया
