Begusarai News: बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत गोधना पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दरगहपुर ठाकुरवाड़ी में 'एक पेड़ मां के नाम' कार्यक्रम के तहत पौधारोपण किया गया. इस अभियान में यूथ एंड इको क्लब के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यालय परिसर में पौधे रोपे और उनमें पानी डाला. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुरारी कुमार यादव, शिक्षक प्रवीण कुमार सिंह, शिक्षिका रागिनी कुमारी, खुशबू कुमारी, सविता कुमारी और कई अभिभावक उपस्थित रहे.
पर्यावरण और जीवन के लिए पेड़ों का महत्व
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक आनंद त्रिवेदी ने पौधारोपण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों से ही मनुष्य का अस्तित्व जुड़ा हुआ है, जो हमें स्वच्छ पर्यावरण के साथ-साथ स्वस्थ जीवन प्रदान करते हैं. पेड़ ऑक्सीजन देने के अलावा तापमान नियंत्रण, प्रदूषण में कमी और मृदा अपरदन को रोकने में अहम भूमिका निभाते हैं. साथ ही मानसून का समय पौधों की जड़ों के बेहतर विकास के लिए सबसे उपयुक्त होता है.
यूथ एंड इको क्लब की समाज में भूमिका
शिक्षक ने यूथ एंड इको क्लब के उद्देश्यों के बारे में बताते हुए कहा कि क्लब के बच्चे ऊर्जा बचत, जल संरक्षण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक, कचरा प्रबंधन और जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए समाज को जागरूक करते हैं. उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार भी पर्यावरण को सहेजने के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' और 'जल-जीवन-हरियाली' जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है.
छात्र-छात्राओं की रही सक्रिय भागीदारी
इस पौधारोपण अभियान में यूथ एंड इको क्लब के पर्यावरण मंत्री प्रिंस कुमार, जल मंत्री प्रियांशी कुमारी समेत क्लब की सदस्य द्रौपदी कुमारी, दिशा कुमारी, सोनाली कुमारी, सिंधु कुमारी, शुभम और अंकुश सहित कई अन्य छात्र-छात्राओं ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई. सभी बच्चों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया.
