बेगूसराय में हथियारों के साथ बदमाशों के 3 वीडियो वायरल, चादर पर सजाए कट्टा-राइफल और कारतूस, चिकन पार्टी में भी दिखे हथियार

बेगूसराय के नौरंगा दियारा में हथियारों के साथ बदमाशों का वीडियो वायरल होने से हड़कंप, पुलिस ने की छापेमारी और दर्ज किया केस.

Begusarai News : बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र के नौरंगा दियारा इलाके से हथियारों के प्रदर्शन से जुड़े तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. वायरल वीडियो में कुछ युवक खुलेआम कट्टा, राइफल और कारतूस का प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं. एक वीडियो में हथियारों के साथ बैठे युवकों के बीच सिगरेट पीने का दृश्य भी दिखाई दे रहा है, जबकि एक अन्य वीडियो में कुछ युवक हथियारों के साथ चिकन पार्टी करते नजर आ रहे हैं. एक वीडियो पर "किंग्स ऑफ बिहार बोस" जैसा कैप्शन भी लिखा हुआ है.

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. बलिया थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नौरंगा दियारा और आसपास के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने के साथ ही हथियारों के स्रोत का भी पता लगाने में जुटी है.

चादर पर रखे थे कट्टा, राइफल और कारतूस

वायरल हुए पहले वीडियो में जमीन पर चादर बिछाकर उसके ऊपर एक कट्टा, राइफल और कई कारतूस रखे दिखाई दे रहे हैं. हथियारों के पास कुछ युवक बैठे हैं और सिगरेट का धुआं उड़ाते नजर आ रहे हैं. पूरे वीडियो में युवकों का अंदाज इस तरह का है, जिससे उनकी दबंग छवि दिखाने की कोशिश साफ नजर आती है.

बिस्तर पर हथियार का प्रदर्शन करते हुए वायरल फोटो

दूसरे वीडियो में भी हथियारों का प्रदर्शन किया गया है. वहीं तीसरे वीडियो में कुछ युवक हथियारों के साथ चिकन पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं. सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इन वीडियो ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

पुलिस के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगर वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार वास्तविक हैं, तो वे युवकों तक कैसे पहुंचे और इनके पीछे कौन लोग हैं. पुलिस अब इसी दिशा में जांच को आगे बढ़ा रही है.

नौरंगा दियारा की भौगोलिक स्थिति बनी चुनौती

बलिया थाना क्षेत्र का नौरंगा दियारा गंगा नदी के कछार और दुर्गम इलाके में स्थित है. भौगोलिक रूप से कठिन होने के कारण इस क्षेत्र में पुलिस की नियमित निगरानी चुनौतीपूर्ण मानी जाती है. स्थानीय स्तर पर भी यह चर्चा रही है कि दियारा क्षेत्र का फायदा आपराधिक प्रवृत्ति के लोग पुलिस की नजरों से बचने के लिए उठाते हैं.

ऐसे में हथियारों के साथ वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करना महज दिखावे का मामला नहीं माना जा रहा है. पुलिस को आशंका है कि इस तरह के वीडियो के जरिए आम लोगों और दूसरे गुटों के बीच डर का माहौल बनाने की कोशिश की जा सकती है.

सोशल मीडिया के दौर में हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालकर अपनी दबंग छवि बनाने का चलन भी पुलिस के लिए नई चुनौती बनता जा रहा है. लाइक्स और फॉलोअर्स जुटाने की होड़ में कुछ युवा खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं. इससे न केवल इलाके में भय का माहौल बनता है, बल्कि आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की आशंका भी रहती है.

एक मुख्य व्यक्ति की हुई पहचान

वीडियो वायरल होने के बाद बेगूसराय पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया. मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि अवैध हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की सूचना पुलिस के संज्ञान में आई है. बलिया थाना पुलिस से मामले का सत्यापन कराया गया है.

जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे एक मुख्य व्यक्ति की पहचान नौरंगा निवासी सुदामा चौधरी के रूप में हुई है. डीएसपी के अनुसार मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है. एक आरोपी की पहचान होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है.

पुलिस वीडियो में मौजूद अन्य युवकों की पहचान भी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिख रहे हथियार किसके हैं और ये हथियार आरोपियों तक किस माध्यम से पहुंचे.

आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस

जांच के दौरान पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान के साथ उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी खंगाल रही है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि इनमें से किसी का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं.

इसके अलावा वायरल वीडियो कब और कहां बनाए गए, इनमें शामिल युवक कितने हैं और हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में हुआ है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है. नौरंगा दियारा में पुलिस की छापेमारी के बाद इस मामले में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारी होने की संभावना जताई जा रही है.

Also Read : बिहार ओपन स्कूलिंग बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर के 3 ठिकानों पर EOU की रेड, आय से 90% अधिक संपत्ति का खुलासा, 3.44 करोड़ से अधिक अर्जित करने का आरोप



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >