बेगूसराय में सज गया 100 साल पुराना जन्माष्टमी मेला, गिरिराज सिंह ने किया उद्घाटन; बोले- तेघड़ा की पहचान से जुड़ी है परंपरा

बेगूसराय के तेघड़ा में 100 साल पुराना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला शताब्दी महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार सरकार के मंत्रियों की मौजूदगी में इस ऐतिहासिक आयोजन का उद्घाटन किया गया. 5 से 8 सितंबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय उत्सव में धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा.

Janmashtami Mahotsav 2026 : बेगूसराय में ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला शताब्दी महोत्सव-2026 का शनिवार देर शाम तेघड़ा के गौशाला परिसर में शुभारंभ हुआ. शताब्दी वर्ष होने के कारण इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले को खास तौर पर भव्य स्वरूप दिया गया है. 5 से 8 सितंबर तक गौशाला परिसर में प्रतिदिन शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. चार दिवसीय आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति और मनोरंजन का रंग भी देखने को मिलेगा.

उद्घाटन के दौरान गौशाला परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु पहुंचे. पूरे परिसर में धार्मिक उत्साह और उत्सव का माहौल देखने को मिला.

उद्घाटन में केंद्रीय मंत्री समेत बिहार सरकार के मंत्री रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह, बिहार के सहकारिता मंत्री सह प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार और नगर विधायक कुंदन कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए. सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया.

कार्यक्रम में उपस्थित लोग

चार दिनों तक सजेगा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंच

आयोजकों की ओर से मेले को खास बनाने की तैयारी की गई है. शताब्दी वर्ष के मौके पर होने वाले इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में भी खास उत्साह है. आने वाले दिनों में गौशाला परिसर में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ जुटने की उम्मीद है.

गिरिराज सिंह बोले-तेघड़ा की पहचान से जुड़ा है मेला

केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला तेघड़ा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है. शताब्दी महोत्सव इस ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाने का अवसर है.उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति,परंपरा और विरासत से जुड़ने का मौका मिलता है.

तेघड़ा शताब्दी महोत्सव में जिला प्रभारी मंत्री को सम्मानित करते हुए डीएम रिची पांडे

मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का भी माध्यम है. उन्होंने शताब्दी वर्ष में आयोजित हो रहे इस महोत्सव की सफलता की शुभकामना देते हुए कहा कि तेघड़ा के इस ऐतिहासिक आयोजन को और व्यापक पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है.

राम कृपाल यादव बोले-धार्मिक आस्था का बड़ा केंद्र है आयोजन

बिहार के सहकारिता मंत्री सह प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला वर्षों से लोगों की आस्था और विश्वास का केंद्र रहा है.शताब्दी महोत्सव के रूप में इसका आयोजन क्षेत्र की समृद्ध परंपरा को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सामाजिक समरसता को भी मजबूत करता है.ऐसे आयोजनों को संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ी तक इसकी विरासत पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है.

बेगूसराय की 20 पंचायतें बाढ़ की चपेट में, खतरे के निशान से ऊपर बह रही नदियां; बिहार के 11 जिले प्रभावित

डीएम रिची पांडे बोले-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर प्रशासन सजग

जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने कहा कि शताब्दी महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई हैं. श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा, सुरक्षा एवं आयोजन स्थल पर सुचारु व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहा है. उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में महोत्सव में शामिल होने की अपील की.

विधायक रजनीश कुमार बोले-तेघड़ा के लिए गौरव का क्षण

तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला तेघड़ा की पहचान और गौरव से जुड़ा हुआ है. शताब्दी वर्ष में महोत्सव का आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि मेले की ऐतिहासिक परंपरा को संरक्षित रखते हुए इसे और भव्य स्वरूप देने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय और पारंपरिक संस्कृति को मंच मिलेगा तथा बड़ी संख्या में लोग इसका आनंद उठा सकेंगे.

चार दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

गौशाला परिसर में 5, 6, 7 और 8 सितंबर को शाम छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. शताब्दी वर्ष को लेकर मेले में विशेष सजावट और आयोजन की तैयारी की गई है. उद्घाटन के साथ ही मेला परिसर में लोगों की चहल-पहल बढ़ गई है. आयोजकों और प्रशासन की तैयारियों के बीच तेघड़ा में जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर उत्सव का माहौल बना हुआ है.

WATCH VIDEO: पटना में गंगा ने तोड़ा ऑल-टाइम रिकॉर्ड! गांधी घाट पर पहुंचा जलस्तर, शहर पर मंडराया बाढ़ का खतरा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >