बेगूसराय में 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत, हत्या के आरोप में परिजनों ने किया सड़क जाम

Begusarai News : बरौनी में 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर सड़क जाम किया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Begusarai News : फुलवड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत शोकहारा-1, बरौनी नगर परिषद के वार्ड संख्या 17 में 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान शोकहारा-1 वार्ड संख्या 17 निवासी मो. कौशर उर्फ कारे के पुत्र मो. दिलशाद के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजन किशोर का शव लेकर न्यू अजीत पत्रकार रोड स्थित मुख्य बाजार पहुंचे और सड़क जाम कर हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे.

पुलिस ने समझाकर हटवाया सड़क जाम

घटना बुधवार देर रात करीब 9.15 बजे के बाद की बतायी जा रही है. सूचना मिलने पर फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय सहनी, एसआई गौतम कुमार, उपेंद्र सिंह, रमेश कुमार, संजीव कुमार एवं ज्ञान प्रकाश पुलिस बल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे. मामला बढ़ता देख थानाध्यक्ष ने तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार को इसकी सूचना दी. डीएसपी करीब 9.30 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. उन्होंने परिजनों एवं आक्रोशित लोगों को समझाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

तेघड़ा डीएसपी ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोर की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस ने घटनास्थल समेत मामले से जुड़े अन्य संभावित स्थानों की भी जांच की है. देर रात तक पुलिस घटनास्थल पर कैंप करती रही. स्थानीय लोगों के अनुसार, दिलशाद बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे किसी साथी के साथ घर से निकला था. शाम में वह घर लौटा और कुछ देर बाद दोबारा घर से निकल गया. इसके बाद उसकी मौत की सूचना मिली. किशोर की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल रहस्य बना हुआ है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.

Also Read : पटना: महिला की इलाज के दौरान मौत, ससुराल पक्ष के सात लोगों पर जहर देकर हत्या का आरोप

निजी अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 9.05 बजे दिलशाद को अचेत अवस्था में रिक्शे से बरौनी के दीनदयाल रोड स्थित लाइफ केयर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल कर्मियों ने रिक्शे पर ही किशोर की जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पूर्व मुखिया मो. मंजूर के अनुसार, किशोर को रात नौ बजे के बाद अस्पताल लाया गया था, लेकिन उसकी मौत पहले ही हो चुकी थी. इसके बाद परिजन शव को रेलवे की सफेद चादर में लपेटकर खाट पर लेकर न्यू अजीत पत्रकार रोड स्थित मुख्य बाजार पहुंचे और सड़क जाम कर दिया. परिजनों के रोने-चीखने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. बताया गया कि किशोर के चेहरे पर खरोंच के निशान भी दिखाई दे रहे थे, जिसे लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं.

घटनास्थल पर मामले की छानबीन करते डीएसपी

गलत संगति को लेकर भी सामने आ रही बातें

स्थानीय स्तर पर किशोर के गलत लोगों की संगति में रहने की बातें भी सामने आ रही हैं. कुछ लोगों के अनुसार, वह सूखा नशा और अंग्रेजी शराब के कारोबार में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करता था और खुद भी नशे का आदी था. ट्रेन में चोरी और लिफ्टिंग करने वाले गिरोह से उसके कथित संबंधों की चर्चा भी स्थानीय लोगों के बीच है. कुछ जानकारों ने आशंका जतायी कि ट्रेन में चोरी के दौरान वह यात्रियों की पकड़ में आ गया होगा और पिटाई से घायल हुआ होगा. इसके बाद चलती ट्रेन से बरौनी जंक्शन पश्चिमी गुमटी के पास सिग्नल कार्यालय के पीछे झाड़ी में कूदने की बात भी कही जा रही है. हालांकि, इन दावों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.

Also Read : महिला कॉलेज के 54वें स्थापना दिवस पर पीजी कक्षाओं का शुभारंभ, छात्राओं के लिए खुले उच्च शिक्षा के नए द्वार

परिजनों ने तारीखाना में पीटकर हत्या का लगाया आरोप

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि न्यू अजीत पत्रकार रोड स्थित तारीखाना में दिलशाद की पीट-पीटकर हत्या की गयी. पुलिस ने देर रात तारीखाना पहुंचकर भी जांच-पड़ताल की, लेकिन तत्काल कोई ठोस सुराग नहीं मिला. स्थानीय व्यवसायियों के अनुसार, घटना के समय वहां किसी प्रकार के हंगामे या मारपीट की जानकारी सामने नहीं आयी थी. पुलिस ने घटना के समय किशोर के साथ घर से निकले एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. हालांकि, समाचार भेजे जाने तक पुलिस किसी निश्चित निष्कर्ष पर नहीं पहुंची थी. थानाध्यक्ष विजय सहनी ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.

घटनास्थल पर लोगों को समझाते डीएसपी और थानाध्यक्ष

नशे के कारोबार को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता

स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि तारीखाना के आसपास नशापान की गतिविधियों के कारण मुख्य बाजार का कारोबार प्रभावित हो रहा है. लोगों के अनुसार, महिलाएं भी इस रास्ते से गुजरने में असहज महसूस करती हैं. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में नशे के कारोबार पर रोक लगाने और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल किशोर की मौत हत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से हुई, यह स्पष्ट नहीं है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है.

Also Read : मद्यनिषेध टीम से मारपीट के प्रयास का आरोप, कार्यालय में घुसकर हंगामा; दोनों पक्षों ने दी शिकायत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niraj Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >