Begusarai News: बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कादराबाद पंचायत से परीक्षा देने गया एक छात्र पिछले 10 दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता है. काफी खोजबीन के बाद भी जब छात्र का कोई सुराग नहीं मिला, तो शनिवार को परिजनों ने बछवाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है. लापता छात्र कादराबाद पंचायत (वार्ड संख्या 14) निवासी कुंदन पोद्दार का पुत्र आलोक कुमार है.
पॉलिटेक्निक सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा देने गया था छात्र
छात्र के पिता कुंदन पोद्दार ने बताया कि आलोक पिछले दो वर्षों से औरंगाबाद स्थित प्रभु कैलाश पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है. वह एक माह पूर्व छुट्टी में घर आया था. पॉलिटेक्निक सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा गया जिले में आयोजित की गई थी, जिसके लिए वह 15 जुलाई को घर से निकला था. परीक्षा समाप्त होने के बाद 22 जुलाई की शाम उसने अपनी मां से फोन पर बात की थी.
पटना में दोस्त के यहां रुकने के बाद से मोबाइल स्विच ऑफ
बातचीत के दौरान आलोक ने अपनी मां को बताया था कि देर रात हो जाने के कारण वह पटना में अपने एक दोस्त के कमरे पर रुक रहा है और 23 जुलाई की दोपहर तक घर लौट आएगा. लेकिन 23 जुलाई की शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क साधा, लेकिन फोन लगातार स्विच ऑफ बताने लगा. छानबीन में पता चला कि वह पटना से बेगूसराय के लिए निकला जरूर था, पर घर नहीं पहुंच सका.
परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार, तलाश जारी
छात्र के अचानक गायब हो जाने से उसके परिवार वाले किसी अनहोनी की आशंका से गहरे सदमे में हैं. इस संबंध में बछवाड़ा थानाध्यक्ष परमेंद्र कुमार ने बताया कि छात्र का मोबाइल नंबर लेकर सर्विलांस पर डाला जा रहा है. हालांकि घटना उनके थाना क्षेत्र की नहीं है, फिर भी पुलिस लापता छात्र को सकुशल बरामद करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है.
