बेगूसराय से चोरी स्कॉर्पियो मणिपुर से बरामद, 33 दिन बाद पुलिस ने किया मामले का उद्भेदन

Begusarai News : गढ़हरा थाना क्षेत्र से चोरी हुई स्कार्पियो को बेगूसराय पुलिस ने 33 दिन बाद मणिपुर से बरामद किया. शातिर चोरों ने गाड़ी का नंबर भी बदल दिया था.

Begusarai News : नगर परिषद बीहट क्षेत्र के हाजीपुर मसलनपुर चौक के पास से 3 जुलाई की देर रात चोरी हुई स्कॉर्पियो को बेगूसराय पुलिस ने 33 दिन बाद मणिपुर राज्य से बरामद कर लिया है. एसपी बेगूसराय मनीष के निर्देश पर डीआईयू टीम, तकनीकी टीम और विशेष पुलिस टीम की कार्रवाई में वाहन चोरी मामले का उद्भेदन किया गया. चोरी की गयी सफेद रंग की स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 01 एफएन 1456) को पुलिस ने मणिपुर राज्य के उखरुल जिले से बरामद किया. वाहन को दूसरे रजिस्ट्रेशन नंबर एएस 01 एफडब्ल्यू 8769 के साथ जब्त किया गया था.

तकनीकी जांच में हुई चोरी के वाहन की पहचान

डीआईयू टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर बरामद स्कॉर्पियो का सत्यापन किया. जांच के दौरान यह वाहन गढ़हरा थाना क्षेत्र निवासी संत कुमार उर्फ नटवर की चोरी हुई स्कॉर्पियो जेएच 01 एफएन 1456 ही पाया गया. इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर बेगूसराय लाया. इस कार्रवाई में डीआईयू टीम के पदाधिकारी राजेश कुमार, तकनीकी टीम और विशेष पुलिस टीम के साथ गढ़हरा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

डेमो वाहन खरीदने के बाद घर के बाहर से हुई थी चोरी

जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई की रात करीब 9 बजे संत कुमार उर्फ नटवर ने जीरोमाइल स्थित महिंद्रा कंपनी से सफेद रंग की डेमो स्कॉर्पियो खरीदी थी. इसके बाद वह वाहन लेकर अपने घर गढ़हरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद बीहट के वार्ड संख्या-11 स्थित हाजीपुर मसलनपुर चौक पहुंचे और खाना खाने के बाद सो गये. अगली सुबह करीब 6 बजे जब वह टहलने के लिए घर से निकले तो देखा कि उनकी स्कॉर्पियो गायब थी. इसके बाद उन्होंने पहले अपने परिजनों को सूचना दी और फिर गढ़हरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी.

सीसीटीवी फुटेज से सामने आया चोरी का तरीका

घटना की जानकारी मिलने के बाद गढ़हरा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार राम और एफसीआई थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि रात करीब 1 बजे एक सफेद रंग की कार चोरी हुई स्कॉर्पियो के पास आकर रुकी. कार से दो युवक उतरे, जबकि कार आगे जीरोमाइल की ओर चली गयी. करीब सात मिनट बाद कार दोबारा स्कॉर्पियो के पास पहुंची और कुछ ही देर बाद शातिर चोर स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गये. पुलिस जांच के अनुसार, चोरों ने महज कुछ मिनटों में इस वारदात को अंजाम दिया था.

पुलिस की तत्परता से बरामद हुआ वाहन

वाहन मालिक संत कुमार उर्फ नटवर ने गढ़हरा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी के वाहन को मणिपुर से बरामद कर लिया. बेगूसराय पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी मामले में बड़ी सफलता मिली है.

Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niraj Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >