Begusarai UDID Card Camp : बेगूसराय जिले के तेघड़ा अनुमंडल अस्पताल परिसर में गुरुवार को दिव्यांग जनों के लिए एक विशेष शिविर आयोजित किया गया. इस शिविर में यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की गई. आसपास के इलाकों से पहुंचे दर्जनों दिव्यांगजनों ने इस शिविर का लाभ उठाया और अपने स्वास्थ्य संबंधी प्रमाण पत्र बनवाए.
सरकारी योजनाओं के लिए UDID कार्ड है अनिवार्य
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रामकृष्ण की देखरेख में आयोजित इस शिविर में दिव्यांगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. डॉ. रामकृष्ण ने बताया कि राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पाने के लिए UDID कार्ड होना बेहद अनिवार्य है. शिविर के दौरान पोर्टल पर पहले से लंबित पड़े आवेदनों का त्वरित निष्पादन भी किया गया.
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने की स्वास्थ्य जांच
शिविर में पहुंचे नए आवेदकों की डॉक्टरी जांच कर उनके प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी की गई. जांच टीम में डॉ. गौरव कुमार और बाल्मीकि कुमार शामिल रहे. आंकड़ों के अनुसार ओर्थो (अस्थि रोग) के 40, आंख से जुड़े 4 तथा नाक, कान और गला रोग से संबंधित 2 यानी कुल 46 दिव्यांगजनों की जांच कर उनका UDID कार्ड बनाया गया.
डाटा एंट्री और पंजीकरण में स्वास्थ्य कर्मियों का योगदान
इस विशेष शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य कर्मियों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों की अहम भूमिका रही. ऑपरेटर रोहित कुमार और बाल्मीकि कुमार ने सभी आवेदकों के पंजीकरण और ऑनलाइन पोर्टल से जुड़ी प्रक्रिया को समय पर पूरा किया. डॉक्टरों और पूरी टीम के इस सामूहिक प्रयास से दूर-दराज से आए दिव्यांगजनों को काफी सहूलियत हुई.
सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
इस कार्यक्रम के सफल संचालन में बिहार एसोसिएशन पर्सन विद डिसेबिलिटी और सरोकार दिव्यांग पुनर्वास केंद्र बेगूसराय का विशेष योगदान रहा. संस्था के मीडिया प्रभारी अजय कुमार साह के प्रयासों से क्षेत्र के दिव्यांगों तक शिविर की जानकारी पहुंची और उन्हें अस्पताल तक लाने में मदद मिली. कार्यक्रम के अंत में सभी दिव्यांग जनों ने डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
Also Read : बेगूसराय : AC लगाने के विवाद में 50 वर्षीय सब्जी विक्रेता की पीट-पीटकर हत्या, जानें पूरा मामला
