बेगूसराय : 251 कलशों की शोभायात्रा के साथ तीन दिवसीय अष्टयाम शुरू, गणपतौल दुर्गा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Begusarai News : बेगूसराय के गणपतौल में 251 कलशों की भव्य शोभायात्रा के साथ तीन दिवसीय अष्टयाम धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ. बड़ी दुर्गा माता मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. अष्टधातु प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा और 24 घंटे हरिनाम संकीर्तन का भी आयोजन.

Begusarai News : बेगूसराय जिले के मंसूरचक प्रखंड के गणपतौल स्थित बड़ी दुर्गा माता मंदिर परिसर में बुधवार को 251 कलशों की भव्य शोभायात्रा के साथ तीन दिवसीय अष्टयाम धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ किया गया. इस धार्मिक आयोजन को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बड़ी संख्या में महिलाओं और कुंवारी कन्याओं ने सिर पर पवित्र कलश धारण कर पूरी आस्था व भक्ति भाव से इस शोभायात्रा में भाग लिया.

पूरे गांव में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और मां दुर्गा के जयकारों के साथ-साथ भक्ति गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा. यह कलश शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया.

अष्टधातु प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा

शोभायात्रा के उपरांत वैदिक आचार्यों के पावन सान्निध्य में माता दुर्गा की अष्टधातु (चांदी) की भव्य प्रतिमा की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई. इसके बाद हवन, विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती एवं अन्य सभी धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धापूर्वक संपन्न हुए. इन धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा शांति की मंगल कामना की.

आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई की दोपहर दो बजे से अखंड अष्टयाम संकीर्तन का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा. इसमें स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाहर से आईं प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों द्वारा लगातार 24 घंटे हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा.

17 जुलाई को महायज्ञ का समापन

वहीं, अगले दिन 17 जुलाई को पूर्णाहुति, अष्टयाम समापन एवं एक भव्य नगर शोभायात्रा के साथ इस तीन दिवसीय महायज्ञ का विधिवत समापन किया जाएगा. इस बड़े धार्मिक आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में शुद्ध पेयजल, उत्तम प्रकाश, बैठने की उत्तम व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए हैं. आयोजन समिति के सभी सदस्य पूरे तत्पर भाव से इस वृहत आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं.

ग्रामवासियों ने की शामिल होने की अपील

इस महायज्ञ को सफल बनाने में जुटे मुख्य आयोजक सुरेश पासवान समेत समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस महायज्ञ में शामिल होकर मां दुर्गा का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करने की भावभीनी अपील की है. वर्तमान में गणपतौल सहित आसपास के तमाम गांवों में इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर भारी श्रद्धा, अभूतपूर्व उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है.

Also Read : बेगूसराय में एफएमडी टीकाकरण अभियान शुरू, घर-घर जाकर पशुओं को लगाया जाएगा मुफ्त टीका


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

पंकज झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >