श्रावणी मेला की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बाबा हरिगिरिधाम न्यास की आज होगी अहम बैठक

बेगूसराय के बाबा हरिगिरिधाम न्यास गढ़पुरा में एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेला की सफल तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आज आयोजित की जाएगी. इस बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं पर जोर दिया जाएगा.

Begusarai News: बेगूसराय जिले के मिथिलांचल की पावन शिवनगरी बाबा हरिगिरिधाम न्यास गढ़पुरा में एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेला की सफल एवं व्यवस्थित तैयारी को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ करेंगे. बैठक में श्रद्धालुओं की मुकम्मल सुरक्षा सहित कई बिंदुओं पर चर्चा होगी.

श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

बेगूसराय के बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ ने बताया कि श्रावणी मेला में प्रतिदिन रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा हरिगिरिधाम पहुंचते हैं. ऐसे में देवतुल्य श्रद्धालुओं को बेहतर और सुलभ सुविधा उपलब्ध कराना न्यास समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है. बैठक में स्वयंसेवकों की तैनाती, मेडिकल कैम्प, स्वास्थ्य शिविर, शुद्ध पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी.

कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

बेगूसराय के इस प्रसिद्ध धाम में मेला अवधि के दौरान नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारी की विस्तृत समीक्षा की जाएगी. साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को भी मेला सेवा में सक्रिय भागीदारी के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

सुरक्षा व्यवस्था होगी बेहद चाक-चौबंद

बेगूसराय के इस श्रावणी मेला के दौरान विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से समिति के उपाध्यक्ष सह बखरी डीएसपी कुंदन कुमार भी बैठक में मुख्य रूप से शामिल होंगे. वे सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे.

पहचान पत्र के साथ आवेदन

बेगूसराय के एसडीएम ने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय लोगों से मेला को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की पुरजोर अपील की. इसके लिए सभी इच्छुक सहयोगियों को अपना-अपना आवेदन पत्र के साथ पहचान पत्र संलग्न करते हुए अध्यक्ष कार्यालय के पास जमा कराने को कहा गया है ताकि सभी को आधिकारिक पास जारी किया जा सके.

Also Read: बेगूसराय: मंडे क्विज प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया ज्ञान, विजेताओं का हुआ सम्मान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shshikant kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >