Begusarai News: श्रावण मास की सोमवारी के अवसर पर बखरी के विभिन्न शिवालयों में देर रात भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया. बाबा गरीबनाथ मंदिर में कमिटी सदस्यों द्वारा भगवान महादेव का सुंदर तरीके से श्रृंगार किया गया. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का जल, दूध, दही, घी, शहद एवं अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक कर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की गयी.
दंपती ने किया भगवान का रुद्राभिषेक
बाबा गरीबनाथ मंदिर परिसर में पंकज केशरी और उनकी पत्नी रुद्राभिषेक में शामिल हुए. पुजारी मुकेश मिश्रा के वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में गूंज उठा. इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान शिव से सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की.
भक्ति गीतों पर देर रात झूमे श्रद्धालु
सागर गुरु भाई एवं खुशबू के भक्ति गीतों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे. श्रद्धालु पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन में शामिल हुए. पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया.
शिवालयों में दिनभर उमड़ी भीड़
श्रावण मास की सोमवारी को लेकर दिनभर विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-शांति एवं मंगल की प्रार्थना की. मौके पर दिलीप केशरी, सुरेंद्र केशरी, विनोद चौधरी, सन्नी गुप्ता, चंद्रदेव शर्मा, मोहन ठाकुर, सरिता साह सहित अन्य मौजूद रहे.
