Begusarai News : मटिहानी प्रखंड की प्रखंड श्रम परिवर्तन पदाधिकारी रिया कुमारी को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सदय कुमार ने उन्हें औपचारिक रूप से प्रभार हस्तांतरित किया.
डीएम के निर्देश पर मिला अतिरिक्त प्रभार
प्रखंड विकास पदाधिकारी सदय कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में रिया कुमारी को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. उन्होंने कहा कि अब रिया कुमारी अपने मूल दायित्वों के साथ-साथ शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यों का भी निर्वहन करेंगी.
ईमानदारी से निभाऊंगी जिम्मेदारी : रिया कुमारी
प्रखंड श्रम परिवर्तन पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रिया कुमारी ने कहा कि उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की योजनाओं और विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे.
प्रभार संभालते ही स्कूलों का किया औचक निरीक्षण
प्रभार ग्रहण करने के बाद रिया कुमारी ने मध्य विद्यालय महाजी, उच्च माध्यमिक विद्यालय महाजी, प्राथमिक विद्यालय रामनगर नया टोला तथा मध्य विद्यालय मटिहानी का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक कार्यों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
Also Read : झारखंड के दंपती ने औरंगाबाद में बालिका को लिया गोद, डीएम की मौजूदगी में पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया
