Khodawandpur Ram Janaki Rath Yatra : बेगूसराय के खोदावंदपुर प्रखंड अंतर्गत चलकी गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ के दौरान गुरुवार को श्रीराम-जानकी रथ यात्रा सह नगर भ्रमण का भव्य आयोजन किया गया. गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच निकली रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे गांव को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया.
Begusarai News : बाबा राम लखन दास महाराज के नेतृत्व में निकली रथ यात्रा
धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत 15 जुलाई को कलश शोभायात्रा के साथ हुई थी. दूसरे दिन गुरुवार की सुबह श्रीराम-जानकी ठाकुरबाड़ी, चलकी से बाबा राम लखन दास महाराज के नेतृत्व में भव्य रथ यात्रा निकाली गई. रथ यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होकर नगर भ्रमण पर निकली, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और माता जानकी पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया.
भजन-कीर्तन और जयघोष से गूंजा पूरा गांव
रथ यात्रा में महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए. श्रद्धालु पूरे रास्ते भजन-कीर्तन करते हुए जय श्रीराम और सीताराम के जयघोष लगाते रहे. आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए थे.
धार्मिक आयोजन का उद्देश्य सामाजिक समरसता
बाबा राम लखन दास महाराज ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी भाईचारा तथा गांव में सुख-शांति और समृद्धि की भावना को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि ठाकुरबाड़ी परिसर में नियमित रूप से रामायण पाठ, मां वैष्णवी दुर्गा की पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. साथ ही श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भंडारे की भी व्यवस्था की गई है.
सैकड़ों श्रद्धालु रहे शामिल
रथ यात्रा में सेवानिवृत्त शिक्षक रामकृष्ण पोद्दार, राजेंद्र महतो, हीरा महतो, मनोज कुमार निराला, रामजीवन पंडित, रामनंदन यादव, अरुण कुमार मुंशी, रामचंद्र पंडित, समाजसेवी गोपाल पासवान, डॉ. संजीव कुमार भारती सहित सैकड़ों ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए. ग्रामीणों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा एवं धार्मिक आयोजनों को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग कथा श्रवण, पूजा-अर्चना एवं भंडारे में शामिल हो रहे हैं.
