Begusarai News : बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, जिला शाखा बेगूसराय की सामान्य परिषद की बैठक कर्मचारी भवन में जिला अध्यक्ष राम दास ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में महासंघ एवं विभिन्न संबद्ध संगठनों के दर्जनों पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए.
10 अगस्त को प्रदर्शन, 12 दिसंबर को दिल्ली रैली का आह्वान
बैठक में जिला मंत्री मोहन मुरारी ने संगठन की एकता, मजबूती और कर्मचारियों के हितों की रक्षा पर जोर दिया. उन्होंने एआईजीईएफ के निर्णय तथा राज्य महासंघ के आह्वान के अनुसार 10 अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन और 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित देशव्यापी रैली को सफल बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि आंदोलन के माध्यम से पीएफआरडीए बिल रद्द कर पुरानी पेंशन योजना लागू करने, ठेका, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों की सेवा नियमित करने, आठवें वेतन आयोग को लागू करने, समान कार्य के लिए समान वेतन, न्यूनतम 26 हजार रुपये वेतन, 18 माह के बकाया महंगाई भत्ते का भुगतान, निजीकरण पर रोक, चार लेबर कोड वापस लेने तथा रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति सहित अन्य मांगों को उठाया जाएगा.
कई नेताओं ने रखे अपने विचार
बैठक को राज्य उपाध्यक्ष जितेंद्र राय, राज्य संयुक्त मंत्री सुधीर कुमार गांधी, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, उपाध्यक्ष शंकर मोची, सहायक जिला मंत्री अनिल कुमार गुप्ता, संयुक्त मंत्री रामानंद सागर, चिकित्सा संघ की सविता कुमारी, रेणु कुमारी, अजय कुमार सिन्हा, वसुंधरा कुमारी, राजेंद्र सिंह, गोपी पासवान, नीरज कुमार सिंह, मोहम्मद इरशाद आलम, सुरेंद्र कुमार, किरण देवी, विभा कुमारी, अर्जुन पासवान, मंजू कुमारी, कैलाश पोद्दार सहित अन्य नेताओं एवं कर्मचारियों ने संबोधित किया.
जिला सम्मेलन और स्वागत समिति का हुआ गठन
बैठक में सर्वसम्मति से संगठन को मजबूत करने के लिए सभी प्रखंडों में महासंघ एवं संबद्ध संगठनों के सम्मेलन शीघ्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया. साथ ही 14 अगस्त को कर्मचारी भवन में जिला कन्वेंशन आयोजित करने की घोषणा की गई. इस कन्वेंशन को अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव ए. श्री कुमार, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शशिकांत राय, राज्य महासंघ की अध्यक्ष नीलम कुमारी तथा महामंत्री सुवेश सिंह संबोधित करेंगे.
सितंबर और अगस्त में होंगे विभिन्न सम्मेलन
बैठक में 13 सितंबर को महासंघ का जिला सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया. इसके लिए स्वागत समिति का गठन किया गया, जिसमें अजय कुमार सिन्हा को स्वागत अध्यक्ष, जितेंद्र राय को स्वागत मंत्री तथा शंकर मोची को स्वागत कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया. इसके अलावा पंचायत सचिव संघ का जिला सम्मेलन 26 अगस्त तथा चिकित्सा संघ का जिला सम्मेलन 30 अगस्त को आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया.
Also Read : बेगूसराय में दूध लेकर जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
