Begusarai News : नगर परिषद गठन के करीब 15 वर्ष बीतने के बावजूद नगर की बड़ी आबादी आज भी जलजमाव की समस्या से जूझ रही है. नगर परिषद के वार्ड संख्या-14 और 15 स्थित मौलानाचक यादव टोला तथा अख्तियारपुर के करीब पांच हजार लोग गंदे और बदबूदार पानी के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं. लगातार जलजमाव के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए हाल के दिनों में नाला निर्माण का टेंडर जारी किया गया था. निर्माण कार्य भी शुरू हुआ, लेकिन लंबे समय बाद भी इसे पूरा नहीं किया जा सका. इसके कारण जलनिकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है. मानसून के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो गई है.
शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने में भी होती है परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार जलजमाव की स्थिति इतनी गंभीर है कि किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर शव को अंतिम संस्कार के लिए भी गंदे और बदबूदार पानी से होकर ले जाना पड़ता है. शुक्रवार को मौलानाचक यादव टोला के एक व्यक्ति की मौत के बाद उनका शव भी इसी जलजमाव वाले रास्ते से ले जाया गया. स्थानीय लोगों ने इसे नगर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की गंभीर लापरवाही बताते हुए स्थिति पर नाराजगी जताई.
तीन वर्षों से बनी हुई है समस्या
नगरवासियों का कहना है कि वार्ड 14 और 15 में पिछले करीब तीन वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और जलजनित बीमारियों का खतरा भी लगातार बना रहता है. नगर प्रशासन समय-समय पर मशीन लगाकर पानी निकालने का प्रयास करता है, लेकिन यह स्थायी समाधान साबित नहीं हो रहा है.
अतिक्रमण से बाधित हुआ पानी का प्राकृतिक बहाव
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले आसपास के गड्ढों में पानी जमा होकर स्वतः निकल जाता था, लेकिन हाल के वर्षों में अतिक्रमण के कारण पानी का प्राकृतिक बहाव बाधित हो गया है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द नाला निर्माण पूरा कर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे.
पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी ने मुख्य पार्षद पर लगाए आरोप
भाजपा नेता सह नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी राकेश रोशन मुन्ना ने आरोप लगाया कि नाला निर्माण का टेंडर जारी होने और कार्य शुरू होने के बावजूद अब तक इसे पूरा नहीं किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य पार्षद इस मामले में गंभीर नहीं हैं और कमीशनखोरी के कारण निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय लोगों का सहयोग भी नहीं लिया जा रहा है. राकेश रोशन मुन्ना ने कहा कि सावन माह और नाग पंचमी जैसे पर्वों के दौरान भी लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. यहां तक कि अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने में भी यही रास्ता इस्तेमाल करना पड़ता है, जो नगर परिषद के लिए शर्म की बात है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य पार्षद मो. जमालुद्दीन नगर परिषद के विकास की बजाय अन्य कार्यों में व्यस्त हैं और नगर की बदहाल स्थिति की जिम्मेदारी उन्हीं की है.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
