बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम

Begusarai News : बेगूसराय में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत. हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, एक ही परिवार में तीन लोगों की मौत से मातम.

Begusarai News : जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार को मटिहानी-शाम्हो पथ पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान मटिहानी थाना क्षेत्र के छितरौर गांव निवासी नरेश राय की पत्नी गीता देवी (42) और उनके पुत्र हरिओम (25) के रूप में हुई है.

घटनास्थल पर ही दोनों की हुई मौत

जानकारी के अनुसार गीता देवी अपने पुत्र हरिओम के साथ बाइक से गंगा स्नान के लिए जा रही थीं. इसी दौरान मटिहानी-शाम्हो पथ पर तेज रफ्तार ईंट लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रैक्टर बहदरपुर स्थित एक ईंट-भट्ठे का बताया जा रहा है.

हादसे के बाद सड़क जाम, प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. आक्रोशित लोगों ने शवों को सड़क पर रखकर मटिहानी-शाम्हो पथ जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की.

हादसे के सदमे में गीता देवी के पिता की भी मौत

परिजनों के अनुसार गीता देवी और उनके पुत्र की मौत की सूचना मिलने के बाद गीता देवी के पिता को हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी भी मौत हो गई. एक ही परिवार में लगातार तीन मौतों से गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों के क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया.

तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की उठी मांग

स्थानीय लोगों ने बताया कि मटिहानी-शाम्हो पथ पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत कर वाहनों की गति पर नियंत्रण और प्रभावी कार्रवाई की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है.

पुलिस ने समझाकर हटवाया जाम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

Also Read : अंतरराष्ट्रीय युवा संसद में नवादा की माही भारद्वाज बनीं 'बेस्ट डेलीगेट', बढ़ाया बिहार का मान



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >