बेगूसराय में कुएं से युवक का शव बरामद, एक दिन से था लापता; पुलिस जांच में जुटी

बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक युवक का शव कुएं से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक जिनेदपुर गांव का 25 वर्षीय रोहित कुमार था, जो पिछले एक-दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा था. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

Begusarai news: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव कुएं से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान जिनेदपुर गांव निवासी 25 वर्षीय रोहित कुमार, पिता रंजीत दास के रूप में हुई है. वह सोमवार सुबह से घर से लापता था.

ग्रामीणों ने कुएं में देखा शव

घटना सांख गांव के समीप स्थित एक कुएं की है. मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में युवक का शव तैरता देखा और इसकी सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय युवकों की मदद से शव को बाहर निकाला.

मोबाइल पर तस्वीर देखकर हुई पहचान

मृतक के बड़े भाई राजीव कुमार ने बताया कि रोहित सोमवार सुबह करीब आठ बजे घर से निकला था और वापस नहीं लौटा. परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. मंगलवार सुबह मोबाइल पर कुएं में मिले शव की तस्वीर देखने के बाद वे घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान रोहित के रूप में की.

परिजनों ने बताया मानसिक रूप से था अस्वस्थ

परिजनों के अनुसार रोहित पिछले एक-दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था. वह अक्सर घर से निकलकर आसपास के क्षेत्रों में घूमता रहता था और कुछ समय बाद वापस लौट आता था. उसकी शादी नहीं हुई थी. जिस स्थान पर शव मिला, वह उसके घर से करीब 500 मीटर दूर है. आसपास उसकी बहन का गांव और खेत भी है, जहां उसका आना-जाना लगा रहता था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन उसकी मौत कैसे हुई, यह जांच का विषय है. वह स्वयं कुएं में गिरा या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Also Read: नीतीश कुमार अगर CM रहते तो बांकीपुर नहीं हारती BJP? JDU MLA अनंत सिंह का जानिए जवाब


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >